)
जोधपुर जिला प्रमुख चुनाव को लेकर जोधपुर के सर्किट हाउस में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं और नेताओं का जमावड़ा लगा हुआ है. इसी बीच पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात की. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए दिव्या मदेरणा ने पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन, जिला प्रमुख पद की दावेदारी और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर खुलकर बात की.
दिव्या मदेरणा ने कहा कि पूरे राजस्थान में कुशासन, प्रशासनिक विफलता, सरकार की अराजकता और नगर निगम चुनावों में पुलिस की कथित बर्बरता के खिलाफ जनता ने कांग्रेस के पक्ष में एकतरफा जनादेश दिया है. उन्होंने बताया कि जोधपुर में मिली प्रचंड बहुमत की जीत और ओसियां क्षेत्र में सभी पांचों समितियों पर कांग्रेस की जीत को लेकर अशोक गहलोत ने उन्हें बधाई दी. कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने और राहुल गांधी के नेतृत्व को मजबूत करने पर चर्चा की.
जिला प्रमुख पद और पार्टी के भीतर बढ़ते दावेदारों पर मदेरणा ने कहा कि कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, इसलिए जिला प्रमुख कांग्रेस का ही बनेगा, इसमें कोई संशय नहीं है. राजनीति में महत्वाकांक्षा को स्वाभाविक बताते हुए उन्होंने कहा कि आपसी मंथन के आधार पर जिस प्रत्याशी के साथ अधिक सदस्य हों, उसे टिकट मिलना चाहिए. हालांकि, उन्होंने इसे महज जिला प्रमुख चुनाव या उत्सव तक सीमित न मानकर एक बड़ी जिम्मेदारी बताया और कहा कि अब 2028 के चुनावों में जोधपुर की सभी सीटें जीतने के लिए काम करना होगा.
ओसियां में मिली जीत का श्रेय जनता को देते हुए उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधा. मदेरणा ने कहा कि बहन-बेटियों पर अनर्गल टिप्पणियों, सोलर माफिया, बिजली विभाग की मनमानी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सरपंचों के साथ हुई कथित ज्यादतियों का जनता ने करारा जवाब दिया है. उन्होंने इसे सेमीफाइनल की जीत बताते हुए दावा किया कि जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि फाइनल में भी कांग्रेस की टीम को कोई नहीं रोक पाएगा.
जिला प्रमुख पद के लिए बीएपी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर देर शाम डूंगरपुर जिले के सर्किट हाउस में बैठक हुई. डूंगरपुर समेत बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और सलूंबर जिलों में दोनों पार्टियों के गठबंधन से जिला प्रमुख बनाने को लेकर 2 घंटे तक चर्चा चली, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला और 2 घंटे चली बैठक के बाद दोनों पार्टियों के नेता सर्किट हाउस से रवाना हो गए हैं. इधर, कांग्रेस पर्यवेक्षक रफीक खान ने मीडिया से रूबरू होकर कहा कि सुबह तक का इंतजार करें.
बैठक में एआईसीसी मेंबर दिनेश खोड़निया, कांग्रेस के प्रभारी रफीक खान, पूर्व उप जिला प्रमुख प्रेमकुमार पाटीदार, बीएपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत, बीएपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य कांतिलाल रोत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष और डूंगरपुर से विधायक गणेश घोघरा, पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, पूर्व जिलाध्यक्ष शंकर यादव भी मौजूद रहे. वहीं, बांसवाड़ा से विधायक और जिलाध्यक्ष अर्जुन बामणिया भी पहुंचे.
बैठक में बीएपी ने चार जिलों में डूंगरपुर और सलूंबर में बीएपी और बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में कांग्रेस के जिला प्रमुख बनाने की बात रखी. वहीं, कांग्रेस ने डूंगरपुर जिला प्रमुख पद बीएपी को और बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में कांग्रेस का जिला प्रमुख बनाने का प्रस्ताव रखा. लेकिन 2 घंटे तक चली बैठक में कोई निष्कर्ष नहीं निकला. इसके चलते पहले बीएपी के नेता सर्किट हाउस से निकल गए और मीडिया से कोई बात नहीं की. वहीं, इसके कुछ देर बाद कांग्रेसी नेता भी सर्किट हाउस से निकल गए.
बैठक के बाद कांग्रेस पर्यवेक्षक रफीक खान मीडिया से रूबरू हुए. गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सुबह तक का इंतजार करें. अब सभी की नजरें सुबह होने वाले घटनाक्रम पर टिकी हैं.
डूंगरपुर से अखिलेश शर्मा और जोधपुर से राकेश कुमार भरद्वाज की रिपोर्ट