App

दो बहनों की शादी में फंसा ऐसा पेच! मामा के साथ-साथ टेंट, बैंड-बाजा और कैटरिंग वालों को प्रशासन ने दे दी चेतावनी? जानें क्या है मामला!

सतना के नागौद में दो बहनों की शादी की तैयारी चल रही थी. दस्तावेजों की जांच में छोटी बहन की उम्र 17 साल 10 महीने मिली. महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने विवाह रुकवा दिया. परिजन 18 साल की उम्र पूरी होने के बाद शादी कराने पर सहमत हुए.

दो बहनों की शादी में फंसा ऐसा पेच! मामा के साथ-साथ टेंट, बैंड-बाजा और कैटरिंग वालों को प्रशासन ने दे दी चेतावनी? जानें क्या है मामला!
Image Credit: Satna Child Marriage

Satna News: मध्य प्रदेश के सतना जिले में दो बहनों की शादी की तैयारियों के बीच महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने पहुंचकर छोटी बहन का विवाह रुकवा दिया. दोनों बहनों की शादी 24 नवंबर को नागौद कस्बे के एक मैरिज गार्डन में होनी थी. दस्तावेजों की जांच में बड़ी बहन की उम्र 18 साल 3 महीने, जबकि छोटी बहन की उम्र 17 साल 10 महीने पाई गई. छोटी बहन की उम्र शादी के लिए निर्धारित सीमा से दो महीने कम थी.

मामा कर रहे थे दोनों बहनों की शादी की तैयारी

महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी इंद्रभूषण तिवारी को सूचना मिली थी कि सोहावल तहसील के एक गांव की दो बहनों की शादी नागौद में कराई जा रही है. विवाह की तैयारियां उनके नागौद निवासी मामा कर रहे थे.

सूचना मिलते ही परियोजना अधिकारी विभागीय टीम और नागौद पुलिस के साथ मैरिज गार्डन पहुंचे. यहां दोनों बहनों के जन्म प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई. जांच में छोटी बहन के नाबालिग होने की जानकारी सामने आई.

टेंट और बैंड-बाजा संचालकों पर भी हो सकती थी कार्रवाई

विभागीय टीम ने परिजनों और रिश्तेदारों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल विवाह कराने पर परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के अलावा टेंट, बैंड-बाजा, कैटरिंग और मैरिज गार्डन संचालकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है.

दो महीने बाद शादी कराने पर राजी हुए परिजन

महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने परिजनों को नाबालिग बेटी का विवाह नहीं कराने की समझाइश दी. अधिकारियों की बात सुनने के बाद परिजन छोटी बेटी की शादी 18 साल की उम्र पूरी होने के बाद कराने पर सहमत हो गए. इसके बाद प्रशासन ने छोटी बहन का विवाह रुकवा दिया.

 

संजय लोहानी की रिपोर्ट 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More