"ताकि हम कोर्ट से स्टे न ले सकें..." दिव्यांशी के कोच के वुशु टीम चयन पर सवाल पूछा-4वें नंबर की खिलाड़ी को कैसे मिली जगह ?
Kota News : एशियन गेम्स 2026 की टीम से ऐन मौके पर बाहर की गईं, कोटा की रहने वाली और 12 बार की नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट दिव्यांशी के कोच ने चयन प्रक्रिया पर गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं.
Kota News : एशियन गेम्स की वुशु टीम से अपना नाम हटाए जाने पर खिलाड़ी दिव्यांशी ने एक वीडियो जारी किया और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहां कि ये मेरा आखिरी वीडियो है. दिव्यांशी ने अपने माता-पिता से फेडरेशन को नहीं छोड़ने की अपील भी की. अब पूरे मामले पर दिव्यांशी के कोच अशोक गौतम ने भी एक वीडियो जारी किया है, और 4 बड़े सवाल पूछे हैं .
- कोच का सबसे गंभीर आरोप ये है कि फेडरेशन ने दिव्यांशी का नाम काटने के लिए जानबूझकर गुरुवार का दिन चुना. इसके पीछे की मंशा यह थी कि शुक्रवार, शनिवार और रविवार को राजकीय अवकाश होने के कारण वे अदालत जाकर फैसले पर 'स्टे' न ले सकें.
- दिव्यांशी पूरे साल हुए पांच ट्रायल्स में शामिल रहीं और फाइनल ट्रायल में प्रथम स्थान पर रहीं. 8 तारीख को हुए किट वितरण में वह मौजूद थीं. एशियन गेम्स की 16 देशों की लिस्ट और 492 खिलाड़ियों की आधिकारिक पीडीएफ फाइल में भी उनका नाम था, लेकिन आखिरी वक्त पर उन्हें बाहर कर दिया गया.
- कोच के मुताबिक, दिव्यांशी की जगह जिस रोशिबिना देवी को चुना गया है, वो ट्रायल में चौथे नंबर पर थीं (नियमों के तहत दूसरे नंबर के खिलाड़ी को मौका मिलना चाहिए). कोच का आरोप है कि अर्जुन अवॉर्डी और डीएसपी होने के रसूख का फायदा उठाकर उनका चयन किया गया.
- दिव्यांशी को मामूली चोट (जिसे डॉक्टर ने टेपिंग करके खेलने योग्य बताया था) का हवाला देकर बाहर किया गया. वहीं, कोच का दावा है कि रोशिबिना देवी के 'मेनिस्कस' और 'एसीएल' दोनों टूटे हुए हैं. उन्होंने मॉस्को टूर्नामेंट खेलने से भी मना कर दिया था और तीन महीने के गांधीनगर कैंप में एक दिन भी हिस्सा नहीं लिया, फिर भी उन्हें सीधे टीम में जगह दे दी गई.
कौन हैं दिव्यांशी?
साल 2017 से लगातार वुशु का अभ्यास कर रही, दिव्यांशी अब तक सब-जूनियर, जूनियर, स्कूल गेम्स, खेलो इंडिया और फेडरेशन कप में कुल 12 स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं. 2024 की जूनियर विश्व वुशु चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित किया था. दिव्यांशी खेल पृष्ठभूमि वाले परिवार से आती हैं. उनके पिता सुनील कुमार सेना से रिटायर्ड हैं और मां शशि प्रभा राजस्थान पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं.
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय वुशु टीम और शेड्यूल
जापान के आइची-नागोया में होने वाले 20वें एशियन गेम्स का आगाज 19 सितंबर 2026 से होने वाला है. जिसमें वुशु के मुकाबले 20 से 24 सितंबर के बीच खेले जाएंगे. इस प्रतिष्ठित महाकुंभ के लिए भारतीय वुशु टीम में कुल 7 खिलाड़ियों (3 पुरुष और 4 महिला) को जगह मिली है.