उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर की देश ही नहीं, विदेशों में भी चर्चा, रुपये के साथ भक्त चढ़ा रहे यूरो, डॉलर और दीनार
उज्जैन के खड़े हनुमान मंदिर की चर्चा अब विदेशों तक पहुंच गई है. लंदन से यूरो, अमेरिका से डॉलर और जॉर्डन से दिनार चढ़ाने श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. सड़क चौड़ीकरण की खबरों के बीच मंदिर में भक्तों की आवाजाही बढ़ी है
उज्जैन में खड़े हनुमान मंदिर को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण के कारण चर्चा में आया यह मंदिर अब देश ही नहीं, विदेशों में भी सुर्खियों में है. मंदिर से जुड़ी खबरों के बाद श्रद्धालुओं की जिज्ञासा भी बढ़ी है. अब विदेशों से उज्जैन आने वाले लोग भी यहां दर्शन करने पहुंच रहे हैं. कुछ श्रद्धालु विदेशी मुद्रा भी चढ़ा रहे हैं.
पिछले दो महीनों में बढ़ी आवाजाही
मंदिर के पुजारी महेश बैरागी के अनुसार, पिछले दो महीनों में मंदिर के प्रति लोगों की आस्था और जिज्ञासा बढ़ी है. छुट्टियों में भारत आए कई एनआरआई भी दर्शन करने पहुंच रहे हैं. हाल ही में लंदन से आए एक श्रद्धालु ने 5 यूरो चढ़ाए. अमेरिका के टेनेसी से आए एक व्यक्ति ने 5 डॉलर अर्पित किए. जॉर्डन से आए श्रद्धालु ने वहां की मुद्रा दिनार चढ़ाई. इसके अलावा नेपाल से करीब 200 लोगों का जत्था मंदिर पहुंचा था. इनमें से कुछ श्रद्धालुओं ने नेपाली मुद्रा अर्पित की.
यह भी पढे़ं- राजस्थान के इस शिव मंदिर में नहीं चढ़ाया जाता दूध मान्यता केवल दर्शन से पूरी हो जाती इच्छा
विदेशी मुद्रा भी कर रहे अर्पित
मंदिर में अलग-अलग देशों की मुद्रा चढ़ाए जाने से लोगों का ध्यान खिंच रहा है. पुजारी महेश बैरागी ने बताया कि विदेशों से आने वाले लोग मंदिर के बारे में जानने और दर्शन करने में रुचि दिखा रहे हैं. लंदन, अमेरिका, जॉर्डन और नेपाल से आए श्रद्धालुओं की ओर से विदेशी मुद्रा चढ़ाए जाने की जानकारी सामने आई है.
मीडिया की चर्चा से बढ़ी जिज्ञासा
महेश बैरागी के मुताबिक, मंदिर को लेकर मीडिया में लगातार खबरें आने से यहां लोगों की आवाजाही बढ़ी है. सड़क चौड़ीकरण के चलते मंदिर को विस्थापित किए जाने की संभावनाओं से जुड़ी खबरों के बाद लोगों के मन में सवाल उठे हैं. वे जानना चाहते हैं कि यह मंदिर कौन-सा है और इसे लेकर इतनी चर्चा क्यों हो रही है. इसी जिज्ञासा के कारण लोग मंदिर पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं.
सड़क चौड़ीकरण पर भी नजर
एक ओर कंठाल चौराहा से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण के संदर्भ में मंदिर की जांच और आगे की कार्रवाई चर्चा में है. वहीं दूसरी ओर देश-विदेश से श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं. विदेशी मुद्रा अर्पित करने वाले भक्तों की मौजूदगी मंदिर के प्रति बढ़ती दिलचस्पी दिखाती है. खड़े हनुमान मंदिर सड़क चौड़ीकरण की चर्चाओं और श्रद्धालुओं की आस्था, दोनों के कारण सुर्खियों में है.
Reporter- ANIMESH SINGH