App

UGC-NET जून 2026 की री-एग्जाम कल से, जयपुर में 3,733 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

UGC-NET जून 2026 की पुनः परीक्षा जयपुर में 9 और 10 सितंबर को आयोजित होगी. परीक्षा के लिए तीन केंद्रों पर कुल 3,733 अभ्यर्थियों की व्यवस्था की गई है. 9 सितंबर को दो और 10 सितंबर को एक पारी में परीक्षा होगी. जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, कंप्यूटर सिस्टम, सर्वर, नेटवर्क और साइबर सिक्योरिटी को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं.

UGC-NET जून 2026 की री-एग्जाम कल से, जयपुर में 3,733 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
Image Credit: Jaipur UGC NET Exam

Jaipur UGC NET Exam: UGC-NET जून 2026 की पुनः परीक्षा को लेकर जयपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. जयपुर में परीक्षा का आयोजन 9 और 10 सितंबर को किया जाएगा. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित होगी. परीक्षा को लेकर प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा से लेकर तकनीकी व्यवस्थाओं तक विशेष इंतजाम किए हैं.

तीन परीक्षा केंद्रों पर 3,733 अभ्यर्थी

जयपुर में UGC-NET पुनः परीक्षा के लिए तीन परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं. इन सभी केंद्रों को मिलाकर कुल 3,733 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है.

जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, कूकस में सबसे ज्यादा 1,805 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. वहीं श्रीबालाजी कॉलेज, बेनाड़ रोड में 1,578 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई है. अलंकार महिला पीजी महाविद्यालय, सिरसी रोड में 350 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे.

9 सितंबर को दो और 10 सितंबर को एक पारी

परीक्षा का आयोजन निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अलग-अलग पारियों में किया जाएगा. 9 सितंबर को दो पारियों में परीक्षा होगी. पहली पारी सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी.

वहीं 10 सितंबर को एक पारी में परीक्षा आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने एडमिट कार्ड में दिए गए परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और अन्य निर्देशों को ध्यान से पढ़कर ही केंद्र पर पहुंचें.

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम

परीक्षा को लेकर जयपुर जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले ही पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जा रही है.

प्रशासन का मुख्य फोकस परीक्षा सामग्री और तकनीकी उपकरणों की सुरक्षा पर है. परीक्षा सामग्री को अनधिकृत पहुंच और किसी भी तरह की छेड़छाड़ से बचाने के लिए केंद्रों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी.

सर्वर और साइबर सिक्योरिटी पर खास नजर

चूंकि UGC-NET की परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी, इसलिए तकनीकी व्यवस्था को लेकर भी विशेष सावधानी बरती जा रही है. परीक्षा से पहले कंप्यूटर सिस्टम, सर्वर और नेटवर्क की तकनीकी जांच की जाएगी. सर्वर लोड और कंप्यूटर सिस्टम की क्षमता का भी निरीक्षण किया जाएगा.

इसके साथ ही साइबर सिक्योरिटी सुनिश्चित करने और परीक्षा से जुड़े सिस्टम को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं. परीक्षा के दौरान निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.

अभ्यर्थियों के लिए पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं

जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं. केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों को खुले रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के लिए कहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More