SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर के रामनिवास बाग की बदलेगी तस्वीर: जानें 35 करोड़ के दोनों प्रोजेक्ट की क्या है खासियत

जयपुर के ऐतिहासिक रामनिवास बाग को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए JDA 35.15 करोड़ रुपये की लागत से दो पार्क बनाएगा. सावन भादो क्षेत्र में 22.87 करोड़ रुपये से राजस्थान उत्सव पार्क विकसित होगा, जहां स्क्रैप से राजस्थान के 10 संभागों की ऐतिहासिक इमारतों की प्रतिकृतियां बनाई जाएंगी.

Written By Aman Singh
Published: Oct 18, 2026, 06:58 PM IST | Updated: Oct 18, 2026, 07:14 PM IST
Image Credit: Zee Media
Join

राजस्थान के जयपुर शहर के रामनिवास बाग को एक आधुनिक पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित करने की जयपुर विकास प्राधिकरण ने कवायद शुरू कर दी है. जहां रामनिवास बाग के एक हिस्से में राजस्थानी स्थापत्य कला से पर्यटक रूबरू होंगे. वहीं दूसरा हिस्सा खासकर बच्चों को खूब लुभाएगा.

रामनिवास बाग जयपुर शहर के प्रमुख और ऐतिहासिक उद्यानों में शामिल है. पिछले कुछ वर्षों में इस उद्यान को लेकर शहर के लोगों और पर्यटक में आकर्षण काफी कम हो गया है, लेकिन अब इस रामनिवास बाग को आधुनिक पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित करने के लिए जेडीए ने दो अलग-अलग प्रोजेक्ट तैयार किए हैं. एक प्रोजेक्ट रामनिवास बाग के सावन भादो में प्रस्तावित है, तो दूसरा प्रोजेक्ट बारादारी क्षेत्र में प्रस्तावित है. इन दोनों प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारने के लिए जेडीए ने निविदा जारी कर दी है.

निविदा प्राप्त करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है. निविदा प्राप्त करने के करीब महीने भर में निविदा में चयनित फर्म को कार्यादेश जारी कर दिया जाएगा. दोनों प्रोजेक्ट को पूरा करने की अवधि एक वर्ष है. इसका सीधा मतलब है कि दिसंबर 2027 तक दोनों प्रोजेक्ट्स के धरातल पर उतरने की पूरी उम्मीद है.

यह भी पढ़ें- जयपुर में गुर्जर की थड़ी से सोडाला तक बुलडोजर एक्शन: JDA ने हटाए अवैध अतिक्रमण, विरोध में उतरे व्यापारी

सावन भादो पार्क में विकसित किए जाने वाले प्रोजेक्ट्स

सावन भादो पार्क में राजस्थान उत्सव पार्क विकसित किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट की लागत 22.87 करोड़ रुपए है. यह पार्क वेस्ट टू वंडर की अभिनव धारणा पर विकसित किया जाएगा. दिल्ली के वेस्ट टू वंडर पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा. इसमें लोहे के स्क्रैप, मशीनों के पुराने पुर्जे, बर्तन, बॉयलर एवं अन्य अनुपयोगी औद्योगिक सामग्री का उपयोग कर कलात्मक संरचनाएं बनाई जाएंगी. इन कलात्मक संरचनाओं में राजस्थान के सभी 10 संभाग क्षेत्रों की स्थापत्य कला प्रदर्शित की जाएगी.

प्रोजेक्ट के तहत पूरे सावन भादो पार्क को 10 संभागों के अनुसार 10 जोन में विभाजित किया जाएगा. हर जोन में उस संभाग के प्रमुख ऐतिहासिक इमारतों की हूबहू प्रतिकृति बनाई जाएगी. इन प्रतिकृतियों का निर्माण स्क्रैप मैटेरियल से किया जाएगा. भरतपुर जोन में भरतपुर संभाग के डीग पैलेस, गीता मंदिर और रणथंभौर किले की प्रतिकृति बनाई जाएगी. कोटा ज़ोन में कोटा संभाग में स्थित कोटा के किशोर सागर किशोर सागर जग मंदिर, गढ़ पैलेस, बूंदी के केशर बाग की प्रतिकृति निर्मित की जाएगी.

बांसवाड़ा जोन में त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, अर्थूना मंदिर, उदयपुर ज़ोन में उदयपुर के सिटी पैलेस, जग मंदिर, एकलिंगी मंदिर और चित्तौड़गढ़ के विजय स्तंभ की प्रतिकृति निर्मित की जाएगी. पाली ज़ोन में रणकपुर जैन मंदिर, जोधपुर ज़ोन में जोधपुर का मेहरानगढ़ किला, पटवा हवेली, जैसलमेर का किला, बीकानेर ज़ोन में बीकानेर का लालगढ़ पैलेस एंड म्यूजियम, रामपुरिया हवेली, जूनागढ़ का किला, अजमेर ज़ोन में पुष्कर स्थित ब्रह्माजी का मंदिर, अढ़ाई दिन का झोपड़ा, पुष्कर मंदिर की प्रतिकृति निर्मित की जाएगी.

इसी तरह जयपुर ज़ोन में हवामहल, गलताजी, जलमहल और झुंझुनू के रानी सती मंदिर की प्रतिकृति बनाई जाएगी. इसके साथ ही ब्लू पॉटरी, थेवा कला, मोजड़ी एवं फड़ चित्रकला जैसी पारंपरिक लोक कलाएं प्रदर्शित होगी. यहां आकर्षक लाइटिंग, हॉर्टिकल्चर एवं लैंडस्केपिंग, पाथवे, जल संरचनाएं, एम्फीथिएटर, पार्किंग, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.

बच्चों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए प्रोजेक्ट का निर्माण

रामनिवास बाग परिसर में रविंद्र मंच से लगते बारादारी क्षेत्र में जेडीए की ओर से रॉयल हैप्पीनेस पार्क प्रोजेक्ट प्रस्तावित किया गया है. इस प्रोजेक्ट का निर्माण खासकर बच्चों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा. आपको बताते हैं कि इस रॉयल हैप्पीनेस पार्क में ऐसा क्या होगा, जो बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा.

इस रॉयल हैप्पीनेस पार्क प्रोजेक्ट की कुल लागत 12.28 करोड़ रुपए है. इस प्रोजेक्ट में चार ज़ोन-जंगल रॉयल्स, डाइनो रॉयल्स, रॉयल सेल्फीस व अदर एमिनिटिस होंगे. जंगल रॉयल्स ज़ोन में जंगल के जंगली जानवरों की मानव रूप में आकर्षक कलाकृति निर्मित की जाएगी. इन कलाकृतियों के नाम भी बच्चों के लिए लिहाज से काफी रोचक रखे गए हैं. मसलन महाराजा बाघ सिंह, चिंकारा चमचे, लंगूर प्रधान, ऊंट पुरोहित, सेनापति भालू, फौजी तेंदुआ, महारानी मोरनी, प्रिंसेस गोडावणी व प्रिंस कैराकेट जैसे रोचक नाम रखे गए हैं.

डाइनो रॉयल्स ज़ोन में विभिन्न प्रजातियों के डायनोसोर भी मानव रूप में रोचक अंदाज में दिखाई देंगे. रॉयल सेल्फीस ज़ोन में मैजिक मिरर पैवेलियन, मटका सेल्फी स्ट्रक्चर व इमोजी स्कल्पचर आदि निर्मित किए जाएंगे. अदर एमिनिटिस जोन में वयस्कों के लिए शाही अंदाज का मैरी गो राउंड, प्ले ग्राउंड व फूड कियोस्क आदि सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES