App

टोंक में नकली घी के नेटवर्क का भंडाफोड़: सरस-अमूल समेत 5 ब्रांड्स की नकली पैकेजिंग का खुलासा, लाखों रैपर जब्त

टोंक जिले के निवाई में DST ने नकली घी की पैकेजिंग तैयार करने वाली कथित अवैध यूनिट का खुलासा किया है. पुलिस ने सरस, अमूल, मधुसूदन, कृष्णा और महावन जैसे ब्रांड्स के नाम वाले लाखों फर्जी रैपर, टीन और डिब्बे जब्त किए हैं. मौके से पैकिंग मशीनरी, 1 लाख रुपये नगद और एक ग्रैंड विटारा कार भी जब्त की गई. पुलिस ने अमन जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर फैक्ट्री सीज कर दी है.

टोंक में नकली घी के नेटवर्क का भंडाफोड़: सरस-अमूल समेत 5 ब्रांड्स की नकली पैकेजिंग का खुलासा, लाखों रैपर जब्त
Image Credit: Rajasthan Crime

Tonk News: राजस्थान के टोंक जिले के निवाई में जिला स्पेशल टीम यानी DST ने नकली घी की पैकेजिंग से जुड़े बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. निवाई के रीको औद्योगिक क्षेत्र में संचालित अवैध यूनिट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामी ब्रांड्स के हजारों फर्जी रैपर, टीन और पैकेजिंग मशीनरी जब्त की है.

नकली घी की पैकेजिंग यूनिट का खुलासा 
बताया जा रहा है कि सरस, अमूल, मधुसूदन, कृष्णा और महावन जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स के नाम पर नकली पैकेजिंग तैयार की जा रही थी. पुलिस ने फैक्ट्री को सीज कर एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन खंगालने में जुटी है.

DST की बड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देशों पर DST टोंक ने निवाई के रीको औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया. कार्रवाई के दौरान नामी ब्रांड्स के नाम पर नकली घी की पैकेजिंग सामग्री तैयार करने वाली कथित अवैध यूनिट का खुलासा हुआ. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में फर्जी रैपर, टीन, डिब्बे, प्रिंटिंग फ्रेम और पैकिंग मशीनरी जब्त कर फैक्ट्री को सीज कर दिया.

सरस, कृष्णा और महावन के लाखों रैपर जब्त 
कार्रवाई में सरस, अमूल, मधुसूदन, कृष्णा और महावन जैसे ब्रांड्स के नाम से तैयार किए गए फर्जी रैपर और पैकेजिंग सामग्री बरामद हुई. मौके से सरस घी के 50 हजार, कृष्णा घी के 60 हजार और महावन घी के 40 हजार एक लीटर पैकिंग वाले रैपर जब्त किए गए.

अमूल के 5 हजार डिब्बे और 20 हजार फर्जी टीन मिले
वहीं, अमूल शुद्ध घी के पांच किलो वाले पांच हजार डिब्बे और मधुसूदन ब्रांड के पांच हजार नकली रैपर लगे टीन भी बरामद किए गए. इसके अलावा 15 लीटर क्षमता के करीब 20 हजार फर्जी टीन और 700 कलर फ्रेम के साथ डाई और पैकिंग मशीन भी जब्त की गई.

अमन जैन आरोपी, एक लाख रुपये नगद और कार जब्त
पुलिस ने मामले में अमन जैन, उम्र 30 वर्ष, निवासी जमात, निवाई को आरोपी बनाया है. कार्रवाई के दौरान एक लाख रुपये नगद और ग्रैंड विटारा वाहन भी जब्त किया गया है. पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा, भीलवाड़ा, ब्यावर और टोंक के साथ कई जिलों में पैकेजिंग सामग्री की सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है.

रोजाना 40 हजार लीटर सप्लाई के दावे की जांच 
प्रतिदिन करीब 40 हजार लीटर की सप्लाई चेन से जुड़े दावे की भी जांच की जा रही है. थाना निवाई में धोखाधड़ी, खाद्य पदार्थों में मिलावट और कॉपीराइट एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से जुड़े लोग कौन-कौन हैं और नकली पैकेजिंग सामग्री किन थोक व्यापारियों, किराना दुकानों और सप्लायर्स तक पहुंचाई जा रही थी. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

ब्रांडेड खाद्य उत्पादों की सप्लाई व्यवस्था पर सवाल
निवाई में DST की इस कार्रवाई ने ब्रांडेड खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग और सप्लाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब देखना होगा कि जांच में इस कथित नेटवर्क से जुड़े और कितने नाम सामने आते हैं. 

Report-Bhupendra Singh Solanki

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More