बांसवाड़ा में पिता बना हैवान! 3 साल के मासूम को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, 1 बच्चे की हालत नाजुक
बांसवाड़ा के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के जूनी टिम्बी गांव में पिता पर अपने दो बेटों से मारपीट का आरोप है. घटना में 3 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है. पुलिस ने आरोपी पिता खेमराज को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है.
बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी थाना क्षेत्र के जूनी टिम्बी गांव में एक पिता पर अपने ही दो बेटों के साथ मारपीट करने का आरोप है. इस घटना में 3 साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा घायल हो गया. वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी पिता खेमराज को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
शराब के नशे में बच्चों के साथ मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार, जूनी टिम्बी गांव में खेमराज पारगी पर अपने दोनों मासूम बेटों के साथ मारपीट करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि घटना के समय पिता शराब के नशे में था. उसने दोनों बच्चों के साथ मारपीट की. इस दौरान एक बच्चे को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई. वहीं, दूसरा बच्चा भी घायल हो गया. उसका अस्पताल में उपचार जारी है.
3 साल के बच्चे की मौत, दूसरा अस्पताल में भर्ती
इस घटना में जान गंवाने वाला बच्चा महज 3 साल का था. वहीं, दूसरे बच्चे की हालत को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है. घटना के बाद परिवार में दुख का माहौल है. गांव में भी इस घटना की जानकारी मिलने के बाद लोग स्तब्ध हैं.
ये भी पढ़ें - जयपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में करोड़ों के जेवरात की लूट, चाकू दिखाकर थैला भरवाया और हो गया फरार
मां ने पति के खिलाफ दर्ज कराया हत्या का मामला
मृतक बच्चे की मां सुनीता ने अपने पति खेमराज पारगी के खिलाफ आनंदपुरी थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लिया. इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया.
आरोपी पिता गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
मामले में आनंदपुरी थाना पुलिस ने आरोपी पिता खेमराज को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उससे बच्चों के साथ हुई मारपीट और पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस की पूछताछ के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य बातें स्पष्ट हो सकेंगी.