अलवर के ESIC मेडिकल कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन: इन मांगों को लेकर गेट पर की तालाबंदी, जानें पूरा मामला
Alwar ESIC Medical College: अलवर के ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्टूडेंट यूनियन ने स्टूडेंट वेलफेयर/डेवलपमेंट फंड के उपयोग में पारदर्शिता और मेडिकल सुविधाओं की मांग को लेकर कॉलेज के गेट पर तालाबंदी कर धरना दिया. छात्रों ने दवाइयां, मेडिकल जांच और बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की.
Alwar ESIC Medical College: राजस्थान के अलवर के ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सोमवार को स्टूडेंट यूनियन ने कॉलेज प्रशासन की कार्यशैली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. स्टूडेंट वेलफेयर/डेवलपमेंट फंड के उपयोग में पारदर्शिता, जरूरत के समय फंड उपलब्ध कराने के साथ दवाईयां, मेडिकल जांच और समुचित इलाज की मांग को लेकर छात्रों ने कॉलेज गेट पर तालाबंदी कर धरना शुरू कर दिया. छात्रों के प्रदर्शन के चलते अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
स्टूडेंट यूनियन के जनरल सेक्रेटरी करण अलारिया ने आरोप लगाया कि छात्रों से हर साल करीब 5 हजार रुपए स्टूडेंट डेवलपमेंट फंड के नाम पर लिए जाते हैं. छात्रों का कहना है कि पिछले करीब डेढ़ साल से इस फंड का उपयोग नहीं किया गया है और इसमें बड़ी राशि जमा हो चुकी है. आरोप है कि जरूरत पड़ने पर भी छात्रों को इस फंड का लाभ नहीं मिल पा रहा है. इसके अलावा आवश्यक दवाइयां, मेडिकल टेस्ट और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से भी छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अपनी मांगों पर अड़े रहे छात्र
प्रदर्शन की सूचना पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी रामेश्वर लाल ने छात्रों से कॉलेज का गेट खोलने और अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को परेशानी नहीं होने देने की अपील की. पुलिस ने चेतावनी दी कि मरीजों के इलाज में बाधा उत्पन्न करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की स्थिति में कार्रवाई की जा सकती है. हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और धरना जारी रखा.
स्टूडेंट यूनियन प्रतिनिधियों और कॉलेज प्रशासन के बीच वार्ता
इसके बाद स्टूडेंट यूनियन प्रतिनिधियों और कॉलेज प्रशासन के बीच डीन डॉ. ओमप्रकाश लखवानी की मौजूदगी में वार्ता हुई. वार्ता में छात्रों की समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई. डीन की ओर से स्टूडेंट फंड के उचित और पारदर्शी उपयोग के लिए जल्द SOP तैयार करने का आश्वासन दिया गया. छात्रों की मांगों को लेकर मंत्री स्तर पर बैठक आयोजित करने की बात भी कही गई. वहीं दवाइयों और मेडिकल जांच से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया गया.
छात्रों के मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन
डीन डॉ. ओमप्रकाश लखवानी ने बताया कि छात्रों के साथ कॉलेज की वार्षिक सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई है. छात्रों की ओर से रखी गई समस्याओं को सुना गया है और आगामी गतिविधियों को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्रों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का सकारात्मक समाधान करने के लिए गंभीर है. पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा तथा छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
हालांकि छात्रों का कहना है कि महज आश्वासन से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा. उनका कहना है कि स्टूडेंट वेलफेयर फंड के उपयोग और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक वे प्रशासन पर दबाव बनाए रखेंगे. फिलहाल छात्रों के प्रदर्शन और अस्पताल में मरीजों की आवाजाही को लेकर स्थिति पर कॉलेज प्रशासन और पुलिस की नजर बनी हुई है.