)
Sriganganagar News: सूरतगढ़ के वार्ड नंबर एक स्थित एक मदरसे में रात्रि के समय कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद चार किशोरियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. चारों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर मदरसा संचालकों ने राजकीय चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया. प्राथमिक उपचार के बाद भी करीब दो घंटे तक राहत नहीं मिलने पर सभी को बेहतर उपचार के लिए श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया.
कोल्ड ड्रिंक पीने के कुछ देर बाद बिगड़ी तबीयत
पुलिस के अनुसार मदरसे में कक्षा 6, 7 और 8 में अध्ययनरत चार किशोरियों ने कोल्ड ड्रिंक का सेवन किया था. इसके कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. चारों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद मदरसा संचालकों ने उन्हें तत्काल राजकीय चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया.
बताया जा रहा है कि किशोरियों ने मदरसे के पास स्थित एक दुकान से कोल्ड ड्रिंक खरीदी थी. हालांकि, कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने के कारणों को लेकर पुलिस की ओर से फिलहाल जानकारी जुटाई जा रही है.
चार किशोरियों के बयान दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. सिटी थाना के हेड कांस्टेबल धूप सिंह ने अस्पताल पहुंचकर चारों किशोरियों के बयान दर्ज किए. पुलिस ने घटना से जुड़ी जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है.
पुलिस के अनुसार जिन किशोरियों की तबीयत बिगड़ी, उनमें महक (13) पुत्री शेख अमानत अली, प्रवीणा (17) पुत्री मोहम्मद सुबान, रमजाना (17) पुत्री शाहसवार और कुलसुम (18) पुत्री इमाम हुसैन शामिल हैं.
प्राथमिक उपचार के बाद श्रीगंगानगर रेफर
ट्रॉमा सेंटर में चारों किशोरियों को प्राथमिक उपचार दिया गया. डॉक्टर लोकेश अनुपाणी ने बताया कि उपचार के बावजूद करीब दो घंटे तक उन्हें राहत नहीं मिली. इसके बाद चारों को बेहतर उपचार के लिए श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय रेफर कर दिया गया.
पुलिस जुटा रही मामले की जानकारी
फिलहाल चारों किशोरियों के बयान पुलिस दर्ज कर चुकी है. पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है. किशोरियों ने कोल्ड ड्रिंक मदरसे के पास स्थित दुकान से खरीदी थी, ऐसे में पुलिस घटना से संबंधित परिस्थितियों की जानकारी भी जुटा रही है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किशोरियों की तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण क्या रहा.