ड्रोन से RDX डिलीवरी और रेलवे पटरी पर ब्लास्ट मामला: भजनलाल सरकार का कड़ा फैसला, जांच करेगी हाई-लेवल SIT
श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के ड्रोन से हथियार गिराने और रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामलों की जांच के लिए राजस्थान पुलिस ने SIT बनाई है. ADG बीजू जॉर्ज जोसेफ के नेतृत्व में टीम DGP को रिपोर्ट सौंपेगी.
राजस्थान के श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ से जुड़े दो गंभीर मामलों की जांच के लिए पुलिस मुख्यालय ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है. सरकार के निर्देश के बाद गठित इस टीम की कमान ADG कार्मिक बीजू जॉर्ज जोसेफ को सौंपी गई है. SIT दोनों मामलों की जांच कर अपनी रिपोर्ट पुलिस महानिदेशक (DGP) को सौंपेगी. इसके बाद DGP रिपोर्ट मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भेजेंगे.
ADG बीजू जॉर्ज जोसेफ के नेतृत्व में बनी SIT
पुलिस मुख्यालय की ओर से गठित SIT में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है. टीम में IG राजेंद्र चौधरी, DIG योगेश यादव, श्रीगंगानगर के SP हरिशंकर और हनुमानगढ़ के SP बी. आदित्य काकडे को जिम्मेदारी दी गई है.
इसके अलावा दोनों क्षेत्रों के सर्किल ऑफिसर और संबंधित मामलों के जांच अधिकारियों को भी SIT में शामिल किया गया है. टीम दोनों घटनाओं से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच करेगी. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट पुलिस महानिदेशक को सौंपी जाएगी.
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार और RDX गिराने का मामला
SIT को जिन मामलों की जांच सौंपी गई है, उनमें श्रीगंगानगर बॉर्डर क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से हथियार और RDX गिराए जाने का मामला भी शामिल है. सीमावर्ती इलाके में हुई इस घटना को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना गया है. इसके साथ ही श्रीगंगानगर-अनूपगढ़ क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की जांच भी SIT करेगी. सरकार के निर्देश के बाद इन दोनों मामलों को लेकर विशेष जांच दल बनाया गया है.
यह भी पढे़ं- श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट, ट्रेनें रद्द: मौके पर पहुंचीं ATS और सुरक्षा एजेंसियां
3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुआ था जोरदार धमाका
दरअसल, 3 नवंबर 2026 को श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध विस्फोट हुआ था. गांव 50 जीबी के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर मंगलवार रात यह धमाका हुआ. घटना यात्री ट्रेन के गुजरने के करीब 45 मिनट बाद हुई थी.
धमाका इतना तेज था कि रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर पूरी तरह टूट गए. वहीं, पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया. विस्फोट की आवाज करीब 200 मीटर दूर स्थित ढाणी और आसपास के गांवों तक सुनाई दी. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं.
रात पौने दस बजे हुआ था विस्फोट
रामसिंहपुर सीआई राम प्रताप के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर जाने वाली यात्री ट्रेन रवाना हुई थी. रात करीब 9 बजे ट्रेन 50 जीबी गांव के आसपास पहुंची. ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रेन गुजरने के लगभग 45 मिनट बाद रात पौने दस बजे जोरदार धमाका हुआ.
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और किसान घरों से बाहर निकल आए. इसके बाद उन्होंने रेलवे गेटमैन को सूचना दी. रेलवे प्रशासन और पुलिस को जानकारी मिलने पर रात करीब 11 बजे रामसिंहपुर पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षा घेरे में लेकर आवाजाही बंद करवा दी.
धमाके से रेलवे ट्रैक को पहुंचा नुकसान
विस्फोट में सीमेंट के दो स्लीपर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. उनके भीतर लगा कंक्रीट बिखर गया और लोहे की सरियों का ढांचा बाहर दिखाई देने लगा. पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया. आसपास की गिट्टी भी बिखर गई. इससे रेलवे पटरी को मिलने वाला आधार प्रभावित हुआ. अब इन दोनों मामलों की जांच SIT करेगी.