SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पाकिस्तान से ही आया था RDX! दुश्मन देश से जुड़े राजस्थान में रेलवे ट्रैक को उड़ाने की साजिश के तार! NIA को हैंडओवर हुआ केस

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश का मामला NIA को सौंपा गया है. गिरफ्तार दो आरोपियों से पूछताछ के बाद दो और बम बरामद हुए. शुरुआती फोरेंसिक जांच में इनमें RDX के सबूत मिले हैं. पाकिस्तान से RDX भेजे जाने की बात सामने आई है.

Edited By Ansh Raj
Published: Nov 25, 2026, 09:11 IST | Updated: Nov 25, 2026, 09:38 IST
Image Credit: Sri Ganganagar Railway Track (AI image)
Join

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की साजिश के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. अब इस पूरे मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) करेगी. मामले में आतंकी साजिश का एंगल सामने आने के बाद जांच NIA को ट्रांसफर कर दी गई है. सुरक्षा एजेंसियों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से पूछताछ के बाद दो और बम बरामद किए गए हैं. इन बमों की शुरुआती फोरेंसिक जांच में RDX होने के सबूत मिले हैं.

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद मिले दो बम
इस मामले में सुरक्षा एजेंसियों की जांच के दौरान दो गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई. शुरुआती जांच में मिली जानकारी के अनुसार, पूछताछ के बाद दो अन्य बम बरामद हुए हैं. इन दोनों बमों की शुरुआती फोरेंसिक जांच में विस्फोटक RDX के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं.

पाकिस्तान से RDX भेजे जाने की बात आई सामने
सुरक्षा एजेंसियों के हवाले से यह जानकारी भी सामने आई है कि पाकिस्तान से RDX की खेप भारत भेजी गई थी. अब मामले में इसी टेरर एंगल को ध्यान में रखते हुए NIA जांच करेगी.

अब NIA करेगी पूरे मामले की जांच
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक को उड़ाने की साजिश के मामले में NIA की एंट्री के बाद जांच का दायरा बढ़ेगा. फिलहाल सामने आई जानकारी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, दो अतिरिक्त बमों की बरामदगी और शुरुआती फोरेंसिक जांच पर आधारित है. मामले की आगे की जांच अब NIA करेगी.

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में हुए बम ब्लास्ट मामले की जांच में पुलिस ने बड़ी कामयाबी मिलने का दावा किया. पुलिस के मुताबिक, 12 दिनों तक लगातार चली जांच के बाद मामले की कड़ियां जोड़ते हुए मुख्य आरोपियों महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह तक पहुंचा गया. जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ के जरिए अहम सुराग जुटाए. मामले की जांच स्थानीय आरोपियों से आगे बढ़कर पाकिस्तान में बैठे कथित साजिशकर्ताओं तक पहुंची है.

5 लाख से ज्यादा मोबाइल नंबरों की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित की थीं. इन टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की. इस दौरान पुलिस ने 5 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों और उनकी कॉल डिटेल्स का बारीकी से विश्लेषण किया.

इसके अलावा संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए अलग-अलग इलाकों के हजारों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई. पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में 400 से अधिक लोगों से पूछताछ भी की. मोबाइल डेटा, CCTV फुटेज और पूछताछ से मिली जानकारियों को आपस में जोड़कर जांच आगे बढ़ाई गई.

होटल में असली ID देना बना आरोपियों की गिरफ्तारी का सुराग
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह अपनी पहचान छिपाकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे. इसी वजह से उन्होंने किसी बड़े होटल के बजाय विजयनगर इलाके के एक सामान्य होटल में ठहरने का फैसला किया.

इस बीच पुलिस की टीमें इलाके के होटलों और धर्मशालाओं में जांच कर रही थीं. इसी दौरान एक कांस्टेबल की नजर एक होटल के रिकॉर्ड पर पड़ी. जांच में पता चला कि दोनों आरोपी वहां अपनी असली ID देकर ठहरे थे. पुलिस के लिए यह अहम सुराग साबित हुआ. होटल में दर्ज पहचान पत्रों से मिले पते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक दोनों आरोपियों पर गहराता चला गया.

ATS और सुरक्षा एजेंसियों के साथ संयुक्त ऑपरेशन
आरोपियों की पहचान और उनके ठिकाने से जुड़े सुराग मिलने के बाद श्रीगंगानगर पुलिस ने ATS और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन चलाया. इस कार्रवाई में महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को पकड़ लिया गया. पुलिस की जांच में सामने आया पाकिस्तान कनेक्शन इस मामले को और गंभीर बना रहा है.

SP और युवा IPS अधिकारी ने संभाली जांच की कमान
पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व SP हरिशंकर और युवा IPS (प्रोबेशनर) नितिन चौधरी ने किया. रेंज IG ओमप्रकाश के सुपरविजन में जांच को आगे बढ़ाया गया. घटना के दिन से ही दोनों अधिकारी रामसिंहपुर इलाके में कैंप लगाकर पूरे मामले की निगरानी कर रहे थे.

12 दिनों तक चली जांच में मोबाइल नंबरों का विश्लेषण, हजारों CCTV कैमरों की फुटेज, 400 से अधिक लोगों से पूछताछ और होटल रिकॉर्ड की पड़ताल अहम साबित हुई. पुलिस का दावा है कि इन सभी कड़ियों को जोड़कर मामले की गुत्थी सुलझाने में सफलता मिली है.

ये भी पढ़ें - Exclusive Interview: पंजाब में बैठे सौदागर, राजस्थान का चुना रास्ता: दुश्मन देश से बार्डर पार कैसे होती है हथियारों की सप्लाई? ANTF IG विकास कुमार ने इंटरव्यू में खोल दी कड़ी

ये भी पढ़ें -  श्रीगंगानगर बम ब्लास्ट का पाकिस्तानी कनेक्शन: 5 लाख मोबाइल नंबर खंगाले, होटल की एक गलती से पकड़े गए मास्टरमाइंड
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES