माउंट आबू में पर्यटकों का सैलाब: महज 5 दिन में 2 लाख सैलानी पहुंचे, होटल-बाजार फुल
दीपावली के बंपर पर्यटन सीजन में राजस्थान की पर्यटन नगरी माउंट आबू (आबूराज) में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है. महज पांच दिनों में दो लाख से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु यहां पहुंचे, जबकि 35 हजार से ज्यादा वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस होने के बावजूद पर्यटक नौकायन, खरीदारी और खानपान का आनंद ले रहे हैं. होटल और बाजार पूरी तरह भरे हुए हैं.
पर्यटन नगरी आबूराज में दीपावली बंपर पर्यटन सीजन के चलते पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है. महज पांच दिनों में दो लाख से अधिक पर्यटक और श्रद्धालु आबूराज पहुंचे.
वहीं, 35 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई है. न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस होने के बावजूद पर्यटकों का उत्साह चरम पर है. होटल, बाजार और प्रमुख पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हैं.
दीपावली से कार्तिक पूर्णिमा तक माउंट आबू में रहती है पर्यटकों की रौनक
गुजरात में दीपावली के दूसरे दिन से ही परिवारों के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन और पर्यटन पर निकलने की परंपरा है. इसी के चलते हर साल दीपावली से कार्तिक पूर्णिमा तक आबूराज में पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है.
इस बार भी पर्यटन नगरी के सभी होटल पर्यटकों से खचाखच भरे हुए हैं. नक्की झील, दिलवाड़ा जैन मंदिर सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर पर्यटकों की आवाजाही बनी हुई है. पर्यटक नौकायन, खरीदारी और लजीज व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं. खास बात यह है कि 8 डिग्री तापमान में भी लोग आइसक्रीम का लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में शादियों से होगी ₹1.49 लाख करोड़ की कमाई: 3.28 लाख शादियां, 30 सेक्टरों की चमकेगी किस्मत!
कार्तिक पूर्णिमा तक जारी रहेगा पर्यटन सीजन
लाभ पंचमी के साथ कुछ पर्यटकों ने गुजरात लौटना शुरू कर दिया है, लेकिन आने वाले दिनों में सूरत सहित गुजरात के विभिन्न शहरों से पर्यटकों के नए जत्थे आबू पहुंचेंगे. कार्तिक पूर्णिमा तक पर्यटन सीजन जारी रहने की संभावना है. भारी पर्यटक आवक के बीच पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका की व्यवस्थाएं भी महत्वपूर्ण बनी हुई हैं.
यातायात नियंत्रण, सुरक्षा और पार्किंग के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. पोलो ग्राउंड और अरणा पार्किंग में बड़ी संख्या में वाहन पहुंच रहे हैं. पर्यटक वाहनों से नगर पालिका को भी लाखों रुपये की आय हो रही है. भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं.
दो लाख पर्यटकों की आवक से पर्यटन कारोबार में उछाल, कारोबारियों में उत्साह
कुल मिलाकर दीपावली के इस बंपर पर्यटन सीजन ने आबूराज के पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार दी है. दो लाख से अधिक पर्यटकों की आवक से होटल व्यवसायियों, व्यापारियों और स्थानीय कारोबारियों में उत्साह है. अब सभी की नजरें कार्तिक पूर्णिमा तक जारी रहने वाली पर्यटकों की इस रौनक पर टिकी हैं.
Report-Sharad Tak