SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में करोड़ों के जेवरात की लूट, चाकू दिखाकर थैला भरवाया और हो गया फरार

जयपुर के वैशाली नगर स्थित सीरियस ज्वेलर्स में सुबह 10:30 बजे लूट हुई. चाकू दिखाकर बदमाश ने महिला से थैले में ज्वेलरी भरवाई और फरार हो गया. उस समय दुकान में बुजुर्ग गार्ड और महिला मौजूद थे. पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी करवाई.

Reported By Vishnu Prakash Sharma Written By Ansh Raj
Published: Nov 10, 2026, 12:51 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 01:56 PM IST
Image Credit: Jaipur Robbery
Join

राजधानी जयपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. वैशाली नगर में मंगलवार सुबह एक नकाबपोश बदमाश ने दिनदहाड़े ज्वैलरी शॉप में लूट की वारदात को अंजाम दिया. बदमाश ने महिला मैनेजर को चाकू दिखाकर धमकाया और शोकेस में रखी कीमती ज्वैलरी अपने बैग में भरवा ली. इसके बाद वह फरार हो गया. लूटी गई ज्वैलरी की कीमत करीब 70 से 80 लाख रुपए बताई जा रही है. वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें आरोपी दुकान में घुसते और मैनेजर को धमकाते हुए दिखाई दे रहा है. पुलिस और FSL की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

 

बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी से पहुंचा बदमाश
वारदात वैशाली मार्ग स्थित शिवराज निकेतन कॉलोनी की सीरियस ज्वैलर्स में हुई. मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे एक स्कूटी दुकान के पास आकर रुकी. स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं थी. इसके बाद टोपी और चेहरे पर मास्क लगाए एक बदमाश दुकान की तरफ बढ़ा. दुकान के चौकीदार को लगा कि कोई ग्राहक आया है, लेकिन बदमाश के इरादे कुछ और ही थे. वह सीधे दुकान के अंदर पहुंचा और महिला मैनेजर को चाकू दिखाकर धमकाने लगा.

चाकू की नोक पर शोकेस से निकलवाई ज्वैलरी
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बदमाश ने महिला मैनेजर को चाकू दिखाकर शोकेस में रखी ज्वैलरी बैग में भरने को कहा. चाकू के डर से मैनेजर एक के बाद एक शोकेस से कीमती जेवर निकालकर बैग में रखती रही. बदमाश लगातार उसे धमकाता रहा. कीमती नेकलेस और दूसरे ज्वैलरी आइटम बैग में भरवाने के बाद वह दुकान से निकलकर फरार हो गया. लूटी गई ज्वैलरी की कीमत 70 से 80 लाख रुपए बताई जा रही है.

CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज में बदमाश की दुकान तक पहुंचने की गतिविधियां कैद हुई हैं. आरोपी स्कूटी खड़ी करके पैदल दुकान में दाखिल हुआ था. उसने पहचान छिपाने के लिए टोपी और मास्क पहन रखा था. स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं होने के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी के आने और भागने का रास्ता पता लगाया जा सके.

 

ACP अदिति उपाध्याय ने लिया घटनास्थल का जायजा, FSL ने जुटाए साक्ष्य
लूट की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. ACP वैशाली नगर IPS अदिति उपाध्याय ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आरोपी की तलाश में शहरभर में नाकाबंदी करवाई है. FSL टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. ACP अदिति उपाध्याय ने बताया कि पुलिस की टीमों ने काम शुरू कर दिया है. CCTV फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है और आरोपी को जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

मालिक बोले- पौने 11 बजे मैनेजर का आया फोन
सीरियस ज्वैलर्स के मालिक सार्थक शर्मा के मुताबिक, बदमाश सुबह करीब साढ़े 10 बजे दुकान पर पहुंचा था. उसने कैप और मास्क पहन रखा था और हाथ में चाकू था. बदमाश ने मैनेजर को धमकाकर भारी और कीमती नेकलेस समेत कई ज्वैलरी आइटम लूट लिए. सार्थक शर्मा को करीब पौने 11 बजे मैनेजर का फोन आया. इसके बाद वह करीब 15 मिनट में दुकान पहुंच गए. मालिक ने दुकान में पहले भी कर्मचारियों और ग्राहकों का सोना चोरी होने की बात कही है. उन्होंने एक व्यक्ति पर संदेह भी जताया है. हालांकि, इस आशंका की पुलिस जांच कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES