रास्ता नहीं तो वोट नहीं! नीमकाथाना की दो ढाणियों ने निकाय चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी
Sikar News: नीमकाथाना के वार्ड नंबर 5 की नयावासी और गंगासागर ढाणी के ग्रामीणों ने रास्ते की समस्या को लेकर निकाय चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से रास्ता नहीं होने से आवागमन, पढ़ाई और इलाज में परेशानी हो रही है.
Sikar News: सीकर जिले के नीमकाथाना में निकाय चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 5 के ग्रामीणों का विरोध सामने आया है. आगवाड़ी क्षेत्र की नयावासी और गंगासागर की ढाणी के ग्रामीणों ने रास्ते की समस्या को लेकर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से रास्ते की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में परेशानी उठानी पड़ रही है. ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा है कि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इस बार मतदान नहीं करेंगे.
नगरपालिका में शामिल होने के बाद भी रास्ते की समस्या
ग्रामीणों के मुताबिक नयावासी और गंगासागर की ढाणी को इसी बार नगरपालिका क्षेत्र में शामिल किया गया है. नगरपालिका में शामिल होने के बावजूद दोनों ढाणियों में आने-जाने के लिए उचित रास्ता उपलब्ध नहीं है. ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते की समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से चली आ रही है. इसके चलते लोगों को आवागमन में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
ग्रामीणों ने बताया कि रास्ते की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी गई. इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है. इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने आगामी निकाय चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी है.
आजादी के बाद से रास्ते की समस्या का दावा
ग्रामीण सांवलराम सैनी ने बताया कि गांव में आजादी के बाद से ही रास्ते की समस्या बनी हुई है. उनका कहना है कि समस्या के समाधान के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ.
सांवलराम सैनी ने कहा कि रास्ता नहीं होने का असर केवल रोजाना के आवागमन पर नहीं पड़ रहा, बल्कि सामाजिक और जरूरी कामों में भी परेशानी होती है. उन्होंने बताया कि रास्ते की कमी के कारण बच्चों के रिश्ते करवाने में भी दिक्कत आती है. इसके अलावा बीमार लोगों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने के दौरान भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
कॉलेज आने-जाने में छात्रा को परेशानी
ग्रामीणों के बीच मौजूद छात्रा संगीता ने भी रास्ते की समस्या को लेकर अपनी परेशानी बताई. उन्होंने कहा कि वह कॉलेज की छात्रा हैं और रास्ता नहीं होने के कारण कॉलेज आने-जाने में दिक्कत होती है. कॉलेज से वापस लौटने के लिए कई बार किसी व्यक्ति को उन्हें लेने के लिए बुलाना पड़ता है.
संगीता ने सरकार से मांग की कि दोनों ढाणियों के लोगों की समस्या को देखते हुए आने-जाने के लिए उचित रास्ते की व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों समेत आम ग्रामीणों को राहत मिल सके.
ग्रामीण बोले- सरकार के खिलाफ नहीं, व्यवस्था के विरोध में
ग्रामीणों ने साफ बतायाा कि उनका विरोध सरकार से नहीं है, बल्कि व्यवस्था और अपनी समस्या का समाधान नहीं होने से है. उनका कहना है कि वे लंबे समय से रास्ते की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने के कारण अब चुनाव बहिष्कार का निर्णय लेने की चेतावनी दी गई है.
ग्रामीणों ने कहा कि यदि निकाय चुनाव से पहले रास्ते की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे मतदान का बहिष्कार करेंगे. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने अपनी मांग को लेकर नाराजगी जताई.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Sikar News की हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!