SI भर्ती पेपर लीक केस में 25 हजार का इनामी मनोहर लाल गिरफ्तार: अब तक 157 आरोपी पकड़े गए
राजस्थान SI भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में SOG ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी मनोहर लाल मांजू को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने पेपर लीक सरगना जगदीश विश्नोई के लिए लीक पेपर सॉल्व किया था. इस मामले में अब तक 157 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
राजस्थान में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. पेपर लीक सरगना जगदीश विश्नोई के लिए लीक पेपर सॉल्व करने के आरोपी मनोहर लाल मांजू को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी मांजू पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लंबे समय से फरार चल रहा था. SOG ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर 28 अक्टूबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया है. इस बहुचर्चित मामले में अब तक 157 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
रंगोली गार्डन के फ्लैट में सॉल्व किया गया था पेपर
SOG के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल के अनुसार, SI भर्ती परीक्षा-2021 की लिखित परीक्षा 14 सितंबर 2021 को दोनों पारियों में आयोजित हुई थी. जांच में सामने आया कि परीक्षा से पहले दोनों पारियों के पेपर लीक किए गए थे. आरोप है कि पेपर लीक गिरोह के सरगना जगदीश विश्नोई ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जयपुर के शांतिनगर, हसनपुरा स्थित रविन्द्र बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा केंद्र से पेपर लीक किया था.
जांच के अनुसार, इसके बाद जयपुर के रंगोली गार्डन स्थित एक फ्लैट में जगदीश विश्नोई और उसके सहयोगियों ने दोनों पारियों के लीक पेपर सॉल्व किए. इस काम में मनोहर लाल मांजू के भी शामिल होने का आरोप है.
व्हाट्सऐप से साइट हैंडलर्स तक पहुंचाया सॉल्वड पेपर
SOG की जांच में सामने आया कि लीक पेपर सॉल्व करने के बाद जगदीश विश्नोई ने व्हाट्सऐप के जरिए सॉल्वड पेपर अपने साइट हैंडलर्स तक पहुंचाया. आरोप है कि हैंडलर्स ने अभ्यर्थियों से सौदा कर उन्हें परीक्षा से पहले सॉल्वड पेपर पढ़ाया. इस नेटवर्क के जरिए अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और उन्हें चयनित करवाने का आरोप है.
मामले में जगदीश विश्नोई और अन्य आरोपियों के खिलाफ पहले ही आरोपपत्र पेश किए जा चुके हैं. वहीं, मनोहर लाल मांजू गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गया था. अदालत ने 22 अप्रैल 2025 को उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था.
यह भी पढे़ं- राजस्थान में JE के 792 पदों पर भर्ती की तैयारी: पंचायत चुनाव के बाद जारी हो सकता है नया नोटिफिकेशन
सिरोही पुलिस ने पकड़ा
SOG के अधिकारियों के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह के सुपरविजन में आरोपी की तलाश की जा रही थी. 25 अक्टूबर 2026 को जिला पुलिस सिरोही ने आरोपी मनोहर लाल को दस्तयाब कर SOG कार्यालय जयपुर में पेश किया. इसके बाद मामले के अनुसंधान अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल मीणा ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी मनोहर लाल मांजू जालोर जिले के करड़ा थाना क्षेत्र के डीगांव की गायणों की ढाणी का निवासी है. वह वर्तमान में सिरोही जिले के आबूरोड स्थित सेठ मंगलचंद राजकीय महाविद्यालय में लोक प्रशासन विषय का सहायक आचार्य बताया गया है.
SI भर्ती पेपर लीक केस में 157 गिरफ्तार
SOG ने आरोपी को अदालत में पेश कर 28 अक्टूबर 2026 तक पुलिस अभिरक्षा रिमांड हासिल किया है. मामले में अनुसंधान जारी है. अब तक 157 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. SOG की कार्रवाई के बाद एक बार फिर SI भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक नेटवर्क और परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों तक सॉल्वड पेपर पहुंचाने के तरीके चर्चा में हैं.