SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सुबह जनता ने बताई पीड़ा, शाम तक लग गई मोटर: सभापति अनीता वर्मा का ताबड़तोड़ एक्शन

Churu News: सरदारशहर की न्यू बकरा मंडी में गिनाणी के गंदे पानी की निकासी की समस्या पर नगरपरिषद ने तुरंत कार्रवाई की. सभापति अनीता वर्मा के निर्देश पर स्थायी मोटर लगाई गई और जमा पानी की निकासी शुरू हुई.

Written By Sandhya Yadav
Published: Sep 30, 2026, 01:21 PM IST | Updated: Sep 30, 2026, 01:30 PM IST
Image Credit: सभापति अनीता वर्मा ने न्यू बकरा मंडी की गिनाणी में लिया था जायजा.
Join

Churu News: नगरपरिषद की नवनिर्वाचित सभापति अनीता वर्मा शहर की समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रही हैं. गिनाणियों की बदहाल स्थिति और बारिश के दौरान घरों में गंदा पानी भरने की समस्या को लेकर वे पिछले दो दिनों से अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं. इसी क्रम में उन्होंने न्यू बकरा मंडी स्थित गिनाणी का जायजा लिया और समस्या सामने आते ही तत्काल समाधान के निर्देश दिए.

बारिश में घरों में घुस जाता था गंदा पानी
न्यू बकरा मंडी की गिनाणी का निरीक्षण करने पहुंचीं सभापति अनीता वर्मा को स्थानीय मोहल्लेवासियों ने बताया कि बारिश के दौरान हर साल गिनाणी टूटने और पानी की निकासी बाधित होने की समस्या सामने आती है. इसके कारण गिनाणी का गंदा पानी आसपास के घरों में घुस जाता है. इससे मोहल्लेवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों ने सभापति को इस समस्या से अवगत करवाते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग रखी.

अधिकारियों को दिए तत्काल निर्देश
समस्या की गंभीरता को देखते हुए सभापति अनीता वर्मा ने मौके पर ही नगरपरिषद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने गंदे पानी की निकासी के लिए अतिरिक्त मोटर लगाने के आदेश दिए. इसके बाद नगरपरिषद की ओर से शाम तक न्यू बकरा मंडी स्थित गिनाणी में स्थायी मोटर स्थापित करवा दी गई.

नई मोटर के जरिए गिनाणी में जमा गंदे पानी को अन्य स्थान पर निकालने की व्यवस्था शुरू कर दी गई, जिससे लंबे समय से परेशान मोहल्लेवासियों को राहत मिली.

शाम को दोबारा मौके पर पहुंचीं सभापति
मंगलवार शाम सभापति अनीता वर्मा नगरपरिषद अधिकारियों और स्थानीय वार्डवासियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचीं. उस समय नई मोटर के माध्यम से गिनाणी में जमा गंदे पानी की निकासी की जा रही थी. स्थानीय लोगों ने भी सभापति को समस्या के समाधान के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी दी.

सभापति ने बताया कि सुबह निरीक्षण के दौरान मोहल्लेवासियों ने उन्हें गिनाणी के पानी से होने वाली परेशानी के बारे में बताया था. बारिश के समय पानी जमा होने और गिनाणी टूटने के कारण घरों में गंदा पानी पहुंचने की समस्या सामने आई थी. इसके बाद अधिकारियों को तुरंत निर्देशित कर नई मोटर लगवाई गई और पानी की निकासी की व्यवस्था करवाई गई.

पांच साल में मूलभूत सुविधाओं पर काम का दावा
सभापति प्रतिनिधि राकेश टाक ने कहा कि आगामी पांच वर्षों में शहरवासियों को मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी. उन्होंने कहा कि नगरपरिषद की टीम शहर की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेकर उनके समाधान के लिए लगातार काम करेगी.

दशकों पुरानी समस्या के समाधान से राहत
मौके पर मौजूद उपसभापति प्रतिनिधि शेर मोहम्मद बिसायती ने कहा कि इस गिनाणी की समस्या को लेकर मोहल्लेवासी पिछले कई दशकों से परेशान थे. उनके अनुसार पहले कभी किसी सभापति ने मौके पर पहुंचकर समस्या का जायजा नहीं लिया. वर्तमान सभापति अनीता वर्मा ने लोगों की समस्या सुनी और तत्काल कार्रवाई करवाते हुए गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था करवाई.

सुबह निरीक्षण के बाद शाम तक मोटर लगाने और पानी की निकासी शुरू होने से न्यू बकरा मंडी के लोगों को राहत मिली है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि गिनाणी की समस्या का स्थायी समाधान होने से बारिश के मौसम में घरों में गंदा पानी भरने की परेशानी से निजात मिलेगी.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES