)
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का एक अलग अंदाज देखने को मिला. राजनीतिक गतिविधियों से इतर वह सेना की एक यूनिट में पहुंचे और जवानों के साथ समय बिताया. इस दौरान पायलट ने सैन्य प्रशिक्षण से जुड़ी कई गतिविधियों में हिस्सा लिया. उन्होंने मशीनगन से निशाना साधने का अभ्यास किया. इसके अलावा सैन्य ड्रिल और शारीरिक अभ्यास में भी शामिल हुए. पायलट ने सेना में फिटनेस, अनुशासन और सहनशक्ति को सबसे अहम बताया है.
सेना की वर्दी में जवानों के बीच नजर आए पायलट
सचिन पायलट ने 28 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सेना की यूनिट से जुड़ी कुछ तस्वीरें साझा कीं. इन तस्वीरों में वह सेना की वर्दी पहने जवानों के बीच दिखाई दे रहे हैं. तस्वीरों में सैन्य प्रशिक्षण स्थल की गतिविधियों की झलक भी देखने को मिली. एक तस्वीर में पायलट मशीनगन के जरिए निशाना साधने का अभ्यास करते नजर आ रहे हैं. वहीं, दूसरी तस्वीर में वह सेना की यूनिट के जवानों के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं. इन तस्वीरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके इस अंदाज की चर्चा होने लगी.
ड्रिल और शारीरिक अभ्यास में भी लिया हिस्सा
पायलट ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्होंने अपनी यूनिट में कुछ समय बिताया. इस दौरान उन्होंने जवानों के साथ ड्रिल और ट्रेनिंग गतिविधियों में हिस्सा लिया. सैन्य प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने शारीरिक अभ्यास भी किया. राजनीतिक कार्यक्रमों और गतिविधियों के बीच पायलट की इन तस्वीरों में उनका एक अलग रूप देखने को मिला. वह जवानों के साथ प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होते नजर आए.
फिटनेस और अनुशासन को बताया सबसे जरूरी
सचिन पायलट ने अपनी पोस्ट में सेना के प्रशिक्षण और जीवनशैली से जुड़ी अहम बातों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और सहनशक्ति हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता में रहते हैं. पायलट के इस संदेश के साथ तिरंगे का इमोजी भी था. उनकी पोस्ट में साझा की गई तस्वीरों में मशीनगन से निशाना साधने के अभ्यास से लेकर जवानों के साथ बिताए समय तक की झलक दिखाई दी.