SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बेटी से मिलने आए रिटायर्ड सूबेदार की पीट-पीटकर हत्या, झुंझुनूं में दिल को झकझोर देने वाली वारदात

झुंझुनूं जिला के चिड़ावा से दिल को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां पर बेटी से मिलने आए 66 वर्षीय रिटायर्ड सूबेदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. दामाद होशियार सिंह, उसके पिता और भाई पर मारपीट करने का आरोप लगा है. पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए डिटेन किया है.

Edited By Shailendra
Published: Nov 23, 2026, 18:49 IST | Updated: Nov 23, 2026, 19:03 IST
Image Credit: पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए डिटेन किया, जांच जारी (Photo-वीडियो ग्रैब)
Join

झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे में घरेलू विवाद के चलते एक 66 वर्षीय रिटायर्ड फौजी की बेरहमी से मारपीट कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. हरियाणा के चरखी दादरी जिले के झोझू कलां थाना इलाके के गांव रूदरोल निवासी पूर्व सूबेदार सुरेश कुमार अपनी बेटी से मिलने चिड़ावा आए थे. आरोप है कि चिड़ावा कस्बे के सूरजगढ़ तिराहे के समीप उनके दामाद और उसके परिजनों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की. सिर में गंभीर चोटें लगने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.

परिजनों के अनुसार, सुरेश कुमार की बेटी मोनू की शादी वर्ष 2012 में मनोहरपुरा निवासी मंदरूप के बेटे होशियार सिंह के साथ हुई थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही मोनू को घरेलू विवाद और दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. परिवार ने कई बार दोनों पक्षों के बीच समझाइश करवाकर विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ.

मोनू सरकारी शिक्षिका है. परिजनों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई और बेहतर परवरिश को ध्यान में रखते हुए करीब एक महीने पहले दिवाली से पूर्व ही सुरेश कुमार ने बेटी को चिड़ावा में अलग किराए का मकान दिलवा दिया था. मकान का किराया भी स्वयं देने की जिम्मेदारी ली, ताकि बेटी अपने बच्चों के भविष्य पर ध्यान दे सके.

परिजनों के मुताबिक, 22 नवंबर को सुरेश कुमार अपनी बेटी से मिलने चिड़ावा आए थे और दिनभर उसके घर पर ही रहे. शाम को उनका नाती अपने दादा को फोन कर नाना के आने की जानकारी दी. इसके बाद सुरेश कुमार सूरजगढ़ तिराहे के पास स्थित अपने दामाद के परिवार के मकान पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि वे बेटी के घरेलू विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने और परिवार के लोगों से मिलने की उम्मीद लेकर वहां गए थे.

आरोप है कि जैसे ही सुरेश कुमार वहां पहुंचे और अपनी स्कूटी खड़ी की, मंदरूप, उसके बेटे होशियार सिंह और छोटे बेटे जसवीर ने उन पर हमला कर दिया. तीनों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं. घायल अवस्था में उन्हें पहले चिड़ावा उप जिला अस्पताल और फिर झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतक के परिजन बच्चन सिंह ने बताया कि परिवार ने वर्षों तक घरेलू विवाद को आपसी समझाइश से सुलझाने का प्रयास किया और सामाजिक स्तर पर भी कई बार बातचीत करवाई. उनका आरोप है कि सुरेश कुमार अपनी बेटी की कुशलक्षेम जानने और विवाद का समाधान निकालने के लिए दामाद के घर पहुंचे थे, लेकिन वहां उनके साथ मारपीट की गई.

सूरजगढ़ सीआई रामसिंह ने बताया कि 22 नवंबर की शाम करीब 8 बजे चिड़ावा बाईपास के पास एक परिवार में झगड़े की सूचना मिली थी. पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. घायल सुरेश कुमार के सिर पर पांच-छह चोटें थीं. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रात में उनकी मौत हो गई.

सीआई के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में दामाद और ससुर के बीच विवाद के दौरान मारपीट की बात सामने आई है. मामले में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए डिटेन किया गया है. पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति वारदात में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर गिरफ्तारी की जाएगी.

रिपोर्ट: संदीप केड़िया

यह भी पढ़ें: मंडप में 'पिता' बनकर उतरी 16 जाट रेजिमेंट, दिया 1.61 लाख का शगुन, इमोशनल हो गए देखने वाले

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES