SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

RCA चुनाव: अध्यक्ष से सचिव तक खाली पड़े पर्चे, आखिरी वक्त में बदल सकते हैं समीकरण

Jaipur News: RCA चुनाव में नामांकन का आज आखिरी दिन है, लेकिन अध्यक्ष समेत प्रमुख पदों पर अभी तक पर्चा दाखिल नहीं हुआ. कई बड़े नाम चर्चा में हैं. 38 वोटर छह सदस्यीय कार्यकारिणी चुनेंगे. 29 सितंबर को मतदान होना है.

Written By Sandhya Yadav
Published: Sep 26, 2026, 11:20 AM IST | Updated: Sep 26, 2026, 11:22 AM IST
Image Credit: RCA चुनाव में आज किसके नाम पर लगेगी मुहर?
Join

Jaipur News: राजस्थान क्रिकेट संघ यानी RCA के चुनाव में आज नामांकन का आखिरी दिन है, लेकिन चुनावी तस्वीर अभी भी पूरी तरह साफ नहीं हुई है. 29 सितंबर को होने वाले चुनाव से ठीक तीन दिन पहले RCA की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर अध्यक्ष समेत प्रमुख पदों पर कौन नामांकन दाखिल करेगा.

दिलचस्प बात यह है कि नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन की सुबह तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार कार्यकारिणी सदस्य पद पर सिर्फ एक नामांकन दाखिल हुआ है, जबकि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष जैसे अहम पदों पर अभी तक नामांकन नहीं आया है. कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए दौसा जिला क्रिकेट संघ की अध्यक्ष शोभना गुर्जर नामांकन दाखिल कर चुकी हैं. RCA के चुनावी इतिहास में किसी महिला प्रशासक का नामांकन पहली बार हुआ है.

नामों की भी अध्यक्ष पद को लेकर चर्चा आई सामने
RCA चुनाव में कई बड़े दावेदार पिछले कई दिनों से सक्रिय हैं. जिला क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों से संपर्क और अंदरूनी बैठकों का दौर भी जारी है, लेकिन अब तक किसी एक नाम पर सहमति बनती दिखाई नहीं दे रही. अध्यक्ष पद के लिए धनंजय सिंह खींवसर, पराक्रम सिंह राठौड़, मोहित यादव और दीनदयाल कुमावत समेत कई नाम चर्चा में हैं. इसके अलावा लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ और गौरव वल्लभ जैसे नामों की भी अध्यक्ष पद को लेकर चर्चा सामने आई है.

वहीं सचिव पद के लिए आशीष तिवाड़ी और पिंकेश जैन समेत कई नाम चर्चा में हैं. उपाध्यक्ष पद के लिए पवन दिलावर और विक्रम देवासी के नाम सामने आए हैं, जबकि संयुक्त सचिव पद के लिए गोविंद स्वरूप उपाध्याय, धर्मवीर सिंह शेखावत और सुशील जैन के नाम चर्चा में हैं.

एक मैसेज' का इंतजार
RCA से जुड़े सूत्रों के मुताबिक कई मजबूत दावेदार अब भी किसी अंतिम संकेत का इंतजार कर रहे हैं. अंदरखाने चर्चा है कि राजनीतिक रूप से जुड़े कई दावेदारों को उम्मीद है कि आखिरी वक्त में किसी एक नाम पर सहमति का संदेश आ सकता है. चर्चा ये भी थी कि अध्यक्ष पद को लेकर दिल्ली से 'पर्ची' या किसी बड़े स्तर से नाम तय होने की चर्चा सामने आई है. अभी तक किसी आधिकारिक तौर पर ऐसे नाम की घोषणा नहीं हुई है.

यही वजह है कि कई दावेदारों ने अभी अपने पत्ते पूरी तरह नहीं खोले हैं. अगर किसी दावेदार को आज दोपहर तक कोई अंतिम संदेश नहीं मिलता है, तो सूत्रों के मुताबिक आपसी तालमेल और स्थानीय समीकरणों के आधार पर दोपहर 3 बजे के बाद नामांकन दाखिल करने की रणनीति भी सामने आ सकती है. यानी RCA चुनाव में आज का दिन बेहद अहम है, कौन किस पद पर पर्चा भरता है, कौन किसके समर्थन में पीछे हटता है और किन नामों के बीच समझौता होता है, इससे चुनाव की पूरी तस्वीर बदल सकती है.

नेतापुत्रों की दावेदारी ने बढ़ाया रोमांच
इस बार RCA चुनाव में राजनीतिक परिवारों से जुड़े कई युवा चेहरे चर्चा में हैं. चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह, विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी, मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर और मंत्री ओटाराम देवासी के बेटे विक्रम देवासी के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं. पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के बेटे प्रेम प्रताप का नाम भी दावेदारों में शामिल है. इनमें से कौन वास्तव में किस पद के लिए नामांकन दाखिल करता है, इसकी अंतिम तस्वीर आज नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही साफ होगी.

38 वोटर तय करेंगे RCA की नई सत्ता
RCA चुनाव में इस बार 38 मतदाता नई छह सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव करेंगे. इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और एक कार्यकारिणी सदस्य चुना जाना है. तीन नए जिला क्रिकेट संघ खैरथल-तिजारा, कुचामन-डीडवाना और बालोतरा के जुड़ने से चुनावी समीकरण भी बदले हैं. भारत के लिए खेल चुके पंकज सिंह और गगन खोड़ा को भी वोटिंग राइट मिला है. RCA की आधिकारिक वेबसाइट पर 22 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई थी.

27 को जांच, 28 को नाम वापसी
चुनावी कार्यक्रम के मुताबिक 26 सितंबर को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी. इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी और 28 सितंबर तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे. अंतिम प्रत्याशी सूची 28 सितंबर को जारी होगी. अगर मुकाबला हुआ तो 29 सितंबर को RCA एकेडमी, जयपुर में मतदान होगा और इसके बाद मतगणना की जाएगी.

यानी आज दोपहर बाद से लेकर 28 सितंबर तक RCA की राजनीति में तस्वीर तेजी से बदल सकती है. अभी तक जहां दावेदारों के नाम चर्चा में हैं, वहीं असली मुकाबला नामांकन और नाम वापसी के बाद सामने आएगा.

सवाल अब सिर्फ यह नहीं है कि RCA का अगला अध्यक्ष कौन होगा, बल्कि यह है कि आखिरी वक्त तक चल रही इस खींचतान में कौन सा समीकरण बनता है, और क्या बिना किसी आधिकारिक 'इशारे' के दावेदार अपने दम पर मैदान में उतरेंगे..
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES