UP चुनाव से पहले कुंडा में सियासी पारा हाई ! रविंद्र सिंह भाटी ने राजा भैया को पहनाया राजस्थानी साफा
राजस्थान की शिव विधानसभा से विधायक रविंद्र सिंह भाटी प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया द्वारा आयोजित भव्य श्रीराम कथा में शामिल हुए. इस दौरान भाटी के राजा भैया को पारंपरिक राजस्थानी साफा पहनाने की तस्वीरों ने सियासी गलियारों में नए समीकरणों की चर्चा छेड़ दी है
कुंडा की रामकथा में आस्था के साथ दिखा सियासी संगम
यूपी में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच प्रतापगढ़ के कुंडा से आई कुछ तस्वीरों ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है. कुंडा के बेंती में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने श्रीराम कथा का आयोजन किया था. जहां आस्था के साथ-साथ बड़े राजनीतिक संदेश भी निकलकर सामने आ रहे हैं. बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की इस कथा के दूसरे दिन 19 नवंबर को राजस्थान की शिव विधानसभा से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह खास मेहमान बनकर पहुंचे.
राजा भैया को साफा पहनाते दिखे रविंद्र भाटी, तस्वीरों के निकाले जा रहे सियासी मायने
कथा स्थल पर राजा भैया के विशेष निमंत्रण पर पहुंचे रविंद्र सिंह भाटी का जोरदार स्वागत हुआ. इस दौरान सबसे ज्यादा सुर्खियां उस पल ने बटोरीं, जब राजस्थान के युवा चेहरे रविंद्र भाटी ने बड़े सम्मान के साथ राजा भैया को पारंपरिक राजस्थानी साफा पहनाया. दोनों नेताओं के बीच की ये गर्मजोशी और सिर्फ एक धार्मिक मुलाकात भर नहीं मानी जा रही है. आगामी यूपी चुनाव से पहले क्षत्रिय समाज के दो प्रभावशाली चेहरों का एक मंच पर आना और मारवाड़ की परंपरा (साफा) से स्वागत करना, सियासी जानकारों के बीच नए समीकरणों की चर्चा छेड़ गया है.
कौन है राजा भैय्या ?
अगर राजस्थान के नजरिए से समझें, तो उत्तर प्रदेश की सियासत में रघुराज प्रताप सिंह उर्फ 'राजा भैया' ठीक वैसे ही अपने दम पर चुनाव जीतने वाले कद्दावर नेता हैं, जैसे मारवाड़ में रविंद्र सिंह भाटी .फर्क बस इतना है कि भाटी अभी इस सफर की शुरुआत में हैं, जबकि प्रतापगढ़ की भदरी रियासत से ताल्लुक रखने वाले राजा भैया साल 1993 से लगातार कुंडा सीट पर अजेय हैं. किसी बड़ी पार्टी के सिंबल या लहर के बिना दशकों तक निर्दलीय जीत दर्ज करने वाले और बाद में अपनी खुद की 'जनसत्ता दल लोकतांत्रिक' पार्टी खड़ी करने वाले राजा भैया का सियासी रसूख ऐसा रहा है कि यूपी में सरकार चाहे जिसकी भी रही हो, वे कई बार कैबिनेट मंत्री रहे है.। राजस्थान के युवाओं और क्षत्रिय समाज में आज जैसी दीवानगी रविंद्र भाटी के लिए दिखती है, यूपी के अवध और पूर्वांचल में राजा भैया की वैसी ही मजबूत पकड़ और दबंग छवि मानी जाती है और यही वजह है कि जब मारवाड़ का ये सबसे चर्चित युवा निर्दलीय चेहरा यूपी के इस दिग्गज नेता को साफा पहनाते और उनकी कार में साथ घूमते दिखा, तो दोनों राज्यों के सियासी गलियारों में इस नई 'केमिस्ट्री' की चर्चा तो होनी ही है.
अखिलेश यादव पर भाटी का पलटवार- 'राघव और माधव को बांटने की साजिश नाकाम होगी'
आपको बता दें कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात और कथा श्रवण के बाद रविंद्र सिंह भाटी के तेवर पूरी तरह सियासी नजर आए. मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान पर सीधा पलटवार किया, जिसमें कथा में शामिल नहीं होने की अपील की गई थी. भाटी ने दो टूक कहा, "वे केवल अपील ही करते रहेंगे. उन्होंने राघव और माधव को बांटने की तमाम साजिशें की हैं, लेकिन वे कामयाब नहीं होंगे" इसके साथ ही भाटी ने पाकिस्तान से आए विस्थापित शरणार्थियों के लिए आयोजित इस धार्मिक महोत्सव की जमकर सराहना की.
इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान रविंद्र सिंह भाटी, बीजेपी नेता देवी सिंह भाटी, पूर्व विधायक अमीन खान, मानवेंद्र सिंह जसोल और सीएम भजनलाल शर्मा से मुलाकातों को लेकर भी चर्चा में रहे थे, लेकिन पिछले 6 महीनों में उनकी मुख्य सक्रियता EWS यात्रा के साथ दिखी थी, लेकिन अब यूपी में राजा भैया से मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राजस्थान के इस लोकप्रिय युवा विधायक का राजा भैया के गढ़ पहुंचना और उनके साथ गर्मजोशी से मिलना महज एक औपचारिक या धार्मिक मुलाकात नहीं है. संभावना जताई जा रही है कि जहां एक तरफ रविंद्र भाटी राजस्थान की सीमाओं से बाहर निकलकर उत्तर प्रदेश जैसे सबसे बड़े सियासी सूबे में अपनी पहचान और युवा फॉलोइंग का विस्तार करने की कोशिश में हैं, वहीं दूसरी तरफ राजा भैया भी चुनाव से पहले अपनी पार्टी 'जनसत्ता दल लोकतांत्रिक' और अपने प्रभाव क्षेत्र में युवाओं व क्षत्रिय समाज के बीच नई ऊर्जा भरना चाहते है. क्या पता ऐसे में आने वाले यूपी चुनाव में भाटी , राजा भैया के लिए एक स्टार प्रचारक या युवाओं को जोड़ने वाले चेहरे की भूमिका में भी नजर आ जाएं.