SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चांदी के 15 लाख के शतरंज पर दिखी पूरी रामायण! 30 किलो की पायल, 2 किलो के झुमके! कारीगरी देख रह जाएंगे दंग

जयपुर सिल्वर शो में 30 किलो की पायजेब, 2 किलो के झुमके और 15 लाख रुपए का रामायण थीम वाला शतरंज आकर्षण का केंद्र बने हैं. करीब एक लाख डिजाइन वाली ज्वेलरी प्रदर्शित की गई है. इंदौर के 'सिल्वर बाबा' भी साढ़े छह किलो चांदी पहनकर शो में पहुंचे हैं.

Reported By Ashish Chauhan Edited By Ansh Raj
Published: Nov 24, 2026, 18:28 IST | Updated: Nov 24, 2026, 18:30 IST
Image Credit: Jaipur Silver Show 2026 (AI Image)
Join

Jaipur Silver Show 2026: आपने चांदी की पायल और झुमके तो खूब देखे होंगे, लेकिन क्या कभी 30 किलो की पायजेब और दो किलो के झुमके देखे हैं? राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित सिल्वर शो में चांदी से बनी ऐसी ही अनोखी चीजें लोगों का ध्यान खींच रही हैं. यहां चांदी के शतरंज पर भगवान श्रीराम और वानर सेना की झलक भी देखने को मिल रही है. सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के बीच चांदी खरीदने के लिए इसे बेहतर समय बताया जा रहा है. सिल्वर शो में कारोबारियों से लेकर ग्राहकों तक में उत्साह देखने को मिल रहा है.

तीन किलो चांदी के शतरंज पर रामायण

जयपुर सिल्वर शो में फिल्म रामायण के लिए तैयार की गई ज्वेलरी भी प्रदर्शित की गई है. इसके अलावा चांदी से बना एक अनोखा शतरंज चर्चा में है, जिस पर भगवान श्रीराम के साथ पूरी वानर सेना को दर्शाया गया है. इस शतरंज का वजन तीन किलो है और इसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है.

30 किलो की पायजेब पर बना हवामहल

शो में प्रदर्शित 55 इंच की पायजेब भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. इसका वजन 30 किलो है. इसे देश की सबसे बड़ी पायजेब होने का दावा किया गया है. खास बात यह है कि इस पायजेब पर जयपुर के हवामहल को भी दर्शाया गया है. वहीं, दो किलो वजन के चांदी के झुमके भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं.

चांदी की ट्रेन से लेकर सिंहासन तक

सिल्वर शो में करीब एक लाख डिजाइन वाली ज्वेलरी प्रदर्शित की गई है. इसके अलावा चांदी से बने सिंहासन, ट्रेन, डाइनिंग सेट, बर्तन, घड़ियां, मंदिर, मूर्तियां, झूमर, पर्स, गदा, तलवार और बंदूकें भी प्रदर्शित की गई हैं. जयपुर ज्वेलरी शो के चेयरमैन उज्जवल अग्रवाल का कहना है कि इस आयोजन के जरिए जयपुर की कारीगरी को देश और विदेश में अलग पहचान मिलेगी.

साढ़े छह किलो चांदी पहनकर पहुंचे 'सिल्वर बाबा'

मध्य प्रदेश के इंदौर से पहुंचे 'सिल्वर बाबा' नवीन सुलटिया भी शो में चर्चा का विषय बने हुए हैं. वह साढ़े छह किलो चांदी की ज्वेलरी पहनकर जयपुर पहुंचे हैं. देशभर से जुटे कारोबारियों को उम्मीद है कि इस आयोजन से चांदी के कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ जयपुर की ज्वेलरी को भी नई पहचान मिलेगी.

 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

आशीष चौहान
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES