SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

3 KM की पंचायत छोड़ 13 KM दूर जोड़ा गांव, भड़के ग्रामीणों ने चुनाव को कहा ‘ना’, जानें पूरा मामला

राजसमंद के चेचियों का गुड़ा गांव के 232 मतदाताओं ने पंचायत पुनर्गठन के विरोध में मतदान का बहिष्कार किया. ग्रामीणों की मांग है कि गांव को 13 किमी दूर बानिया टुकड़ा की जगह वापस टाडावाडा गुजरान पंचायत से जोड़ा जाए.

Written By SAGAR CHAUDHARY
Published: Oct 22, 2026, 10:31 PM IST | Updated: Oct 22, 2026, 10:33 PM IST
Image Credit: Rajsamand News (Zee Media)
Join

राजसमंद जिले के गढ़बोर क्षेत्र स्थित चेचियों का गुड़ा गांव में आज लोकतंत्र के पर्व पर प्रशासनिक अनदेखी का साया मंडराता नजर आया. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए चल रहे मतदान प्रक्रिया के दौरान गांव के सभी 232 मतदाताओं ने मतदान का पूरी तरह से बहिष्कार कर दिया. सुबह से ही गांव का एक भी ग्रामीण पोलिंग बूथ पर वोट डालने नहीं पहुंचा, जिसके कारण मतदान केंद्र पूरी तरह से सूना नजर आया.

पुनर्गठन ने बढ़ाई दूरी, ग्रामीणों का छलका दर्द
मामले की सूचना मिलने पर जी मीडिया की टीम चेचियों का गुड़ा गांव पहुंची, तो वहां सैकड़ों महिलाओं और ग्रामीणों का भारी आक्रोश देखने को मिला. ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में हुए पंचायत पुनर्गठन के दौरान उनके गांव को 13 किलोमीटर दूर स्थित 'बानिया टुकड़ा' ग्राम पंचायत से जोड़ दिया गया है. ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले उनकी ग्राम पंचायत मात्र 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित थी. प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा बिना भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखे गांव को 13 किलोमीटर दूर जोड़ने से बुजुर्गों, महिलाओं और आम ग्रामीणों को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है.

टाडावाडा गुजरान में वापस जोड़ने की मांग
ग्रामीणों ने एकजुट होकर मांग की है कि चेचियों का गुड़ा गांव को वापस 'टाडावाडा गुजरान' पंचायत में शामिल किया जाए. गांव की महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन और सरकार उनकी इस न्यायसंगत मांग को पूरा नहीं करती, तब तक वे आगामी किसी भी चुनाव (विधानसभा, लोकसभा या स्थानीय निकाय) में अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं करेंगे. एक पूरे गांव द्वारा चुनाव बहिष्कार किए जाने की खबर से निर्वाचन विभाग और स्थानीय प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है. अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से समझाइश करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं.

Reporter - Shyam Sundra

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES