राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर: फिर बदला मौसम, 29 सितंबर तक इन इलाकों में बारिश के आसार
राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात के असर से झुंझुनूं, जालोर, अजमेर, डूंगरपुर, सिरोही और नागौर समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई. मौसम विभाग ने 27 से 29 सितंबर के बीच जयपुर, भरतपुर, शेखावाटी और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है.
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम एक बार फिर पलट गया है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात के असर से प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई.
कई जिलों में हल्की बारिश, तापमान में गिरावट
बीते दिन शनिवार को आसमान में बादल छाए रहे और उसके बाद झुंझुनूं, जालोर, अजमेर, डूंगरपुर, सिरोही और नागौर में कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई. मौसम में बदलाव होने से प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तापमान गिर गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली.
27-28 सितंबर को बारिश और तेज हवाओं के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और चक्रवात के असर से 27 और 28 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. कुछ इलाकों में हल्की बारिश होगी और तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है.
जयपुर-भरतपुर और शेखावाटी में बारिश की संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि भरतपुर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में 27-29 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं हल्की मध्मम बारिश होने के आसार हैं. पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 28-29 सितंबर को बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है.
झुंझुनूं में सबसे ज्यादा 6 मिमी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को झुंझुनूं में 6 मिमी, संगरिया में 1.5 मिमी, जालोर, डूंगरपुर और माउंट आबू में 0.5-0.5 मिमी, मुंडवा में 1 मिमी और सुहागपुरा में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, अजमेर शहर में शनिवार को दिन भर बादल छाए रहने के साथ-साथ कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई. दोपहर के बाद सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, बारां, झालावाड़ और कोटा इलाकों में आसमान में हल्के बादल छा गए.
कई शहरों में 5 डिग्री तक गिरा तापमान
पश्चिमी राजस्थान में एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हुआ, जिससे हवा का पैटर्न बदला और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. कई शहरों में तापमान 1 डिग्री सेल्सियस से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरा. सबसे अधिक गिरावट सिरोही में दर्ज की गई.
जयपुर में 33.1 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
जयपुर में शनिवार को पूरे दिन मौसम शुष्क रहा. दोपहर बाद कुछ जगहों पर हल्के बादल छाए रहे, जिससे धूप थोड़ी कम हुई. यहां दिन का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया करते हुए कहा कि अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.