राजस्थान में अभी नहीं थमेगा बारिश का दौर: जयपुर-सीकर समेत 7 जिलों में जमकर बरसेंगे बादल!
Rajasthan Weather: राजस्थान में 29 सितंबर को बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. टोंक में ऑरेंज अलर्ट, जबकि जयपुर, सीकर, दौसा, भीलवाड़ा, बीकानेर और बूंदी में येलो अलर्ट है. 30 सितंबर से पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होगा.
Rajasthan Weather Update: 29 सितंबर की शाम के बाद राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने टोंक जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट और सीकर, जयपुर, दौसा, भीलवाड़ा, बीकानेर व बूंदी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है और 30 सितंबर से मौसम में सुधार देखने को मिल सकता है.
देखें जयपुर मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट
टोंक में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बारिश
29 सितंबर को टोंक जिले और आसपास के इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है. यहां कहीं-कहीं मध्यम से तेज मेघगर्जन के साथ अचानक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के भी आसार हैं. मौसम विभाग ने टोंक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
6 जिलों में येलो अलर्ट
सीकर, जयपुर, दौसा, भीलवाड़ा, बीकानेर और बूंदी में येलो अलर्ट है. इन जिलों और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम स्तर की गरज-चमक हो सकती है. इस दौरान अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
इन जिलों में भी हुई बारिश
पिछले 24 घंटे में सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, भरतपुर, टोंक, करौली, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और डीडवाना-कुचामन में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा बारिश जयपुर के फागी में 52 मिलीमीटर हुई. फलौदी में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सिरोही में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कमजोर
राजस्थान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब धीरे-धीरे कम होने की संभावना है. इसके चलते मंगलवार शाम के बाद भी पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, बारिश का असर पहले के मुकाबले कम रहने की उम्मीद है. पश्चिमी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं.
30 सितंबर से मौसम में होगा बदलाव
30 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले करीब एक सप्ताह में राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. यानी बारिश का दौर अब धीरे-धीरे थमता नजर आ रहा है.
बारिश और आंधी में ऐसे रहें सुरक्षित
गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें. पेड़, बिजली के खंभों और बड़े होर्डिंग्स के नीचे खड़े न हों. आंधी के समय घर के अंदर रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें. बारिश के दौरान वाहन चलाते समय भी सावधानी बरतें और तेज हवा या कम दृश्यता होने पर सुरक्षित जगह पर रुक जाएं.