राजस्थान में मौसम की दोहरी मार, दिन में तपिश और रात में कंपकंपा रही सर्दी, पढ़िए IMD का अपडेट
राजस्थान में 24 नवंबर को मौसम शुष्क रहेगा. IMD जयपुर के अनुसार अगले 7 दिन बारिश की संभावना नहीं है. जानें सभी जिलों का मौसम अपडेट और तापमान.
राजस्थान में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. सुबह और रात के तापमान में गिरावट के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के मौसम को लेकर नया अपडेट जारी किया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), जयपुर के अनुसार 24 नवंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. अगले एक सप्ताह तक भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा. इस दौरान तापमान में किसी विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं.
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की ओर से जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार, 24 नवंबर को राजस्थान में बारिश की संभावना नहीं है. प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए विशेष मौसमी चेतावनी जारी नहीं की है.
बाड़मेर में सबसे ज्यादा तापमान, फतेहपुर में सबसे कम रात का पारा
23 नवंबर को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं मौसम विभाग में सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर में 7 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें- नवंबर अंत में राजस्थान के मौसम ने बदली करवट, दिन में गर्मी और रात में ठिठुरन, जानें IMD का ताजा अपडेट
अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो जयपुर में अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम 13.4 डिग्री, अजमेर में 29 और 10.6 डिग्री, कोटा में 28 और 12.8 डिग्री तथा जैसलमेर में 30.2 और 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम?
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 से 29 नवंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान तापमान में विशेष परिवर्तन होने का अनुमान नहीं है. बारिश को लेकर भी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
इन जिलों में नहीं है मौसम की चेतावनी
मौसम विभाग के जिला स्तरीय पूर्वानुमान में पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर में कोई चेतावनी नहीं है.
वहीं पश्चिमी राजस्थान के बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलोदी और श्रीगंगानगर में भी 24 नवंबर को कोई मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है.