कांप उठा राजस्थान! फतेहपुर में 5.5 डिग्री पहुंचा पारा, कई शहरों में तापमान 10 °C से नीचे, जयपुर समेत आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में ठंड बढ़ गई है. फतेहपुर में पारा 5.5°C पर पहुंच गया है. जानिए जयपुर समेत पूरे प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम.
राजस्थान का मौसम/जयपुर: राजस्थान में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं की वजह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रात का पारा तेजी से नीचे जा रहा है. सुबह और शाम ठंड बढ़ गई है, लोग अब गर्म कपड़े और अलाव का सहारा लेने लगे हैं. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है. सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई. यहां न्यूनतम तापमान सिर्फ 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सीजन में अब तक का सबसे कम माना जा रहा है. वहीं राजधानी जयपुर में शुक्रवार रात का पारा 13.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा.
फतेहपुर सबसे ठंडा, कई शहरों में पारा 10 से नीचे
मौसम केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के मुताबिक, फतेहपुर के बाद सबसे ठंडी रात नागौर और माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भीलवाड़ा में पारा 8.3 डिग्री पर आ गया. इसके अलावा अलवर, चित्तौड़गढ़, चूरू समेत कई अन्य जिलों में भी रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है. खासकर शेखावाटी और उत्तरी राजस्थान के इलाकों में ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है.
रात होते ही सड़कों पर सन्नाटा छा रहा है और सुबह घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है. दिन में स्थिति थोड़ी अलग है. सूरज निकलने के बाद धूप की वजह से तापमान में बढ़ोतरी हो जाती है. पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर जैसे इलाकों में दिन का पारा अभी भी 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है. यानी कहें तो दिन में हल्की गर्मी और रात में कड़ाके की ठंड, यही इस समय राजस्थान का मौसम बना हुआ है.
जयपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी जयपुर में शनिवार यानी 21 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यहां न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. फिलहाल जयपुर में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. सुबह और रात में हल्की ठंड रहेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य और सुहावना बना रहेगा.
21-22 नवंबर को पूर्वी राजस्थान में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि 21 और 22 नवंबर को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर पूर्वी राजस्थान पर पड़ सकता है. इसके चलते 21 नवंबर को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में आंशिक बादल छा सकते हैं. वहीं 22 नवंबर को अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है. हालांकि इस बदलाव से प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है. ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है. सुबह-शाम ठंड का असर और बढ़ सकता है, जबकि दोपहर में धूप के कारण हल्की गर्माहट बनी रहेगी. लोगों को सलाह दी गई है कि सेहत का ध्यान रखते हुए सुबह-शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े जरूर पहनें.