Rajasthan Weather Update: राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ की एंट्री, इन इलाकों में होगी झमाझम बारिश, जानें अपने जिले का हाल
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में 13 से 15 अक्टूबर तक मौसम बदलने की संभावना है. जयपुर, अजमेर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट का अनुमान है.
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में अक्टूबर के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. मौसम केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में 13 से 15 अक्टूबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल गरजने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. मौसम में बदलाव के साथ राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है.
बीकानेर संभाग और शेखावाटी में बारिश की संभावना
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में 12 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई. पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई. बीकानेर जिले के लूणकरणसर में सबसे अधिक 27 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है, जिसका असर आगामी दिनों में दिखाई दे सकता है.
13 से 15 अक्टूबर के बीच बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में बादल गरजने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है. लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल सकता है.
जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13, 14 और 15 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभागों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में भी इन तीन दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
16 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभागों में कहीं-कहीं बारिश का अनुमान है, वहीं, पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है. 17 और 18 अक्टूबर को पूर्वी और पश्चिमी, दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है.
तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव
बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में भी बदलाव आने की संभावना है. मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, आगामी दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है.
12 अक्टूबर को दर्ज आंकड़ों के अनुसार, फलोदी और बाड़मेर में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा. जोधपुर शहर में अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 37.4 डिग्री और जैसलमेर में 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. माउंट आबू में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा.
किसानों के लिए मौसम विभाग की सलाह
बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम केंद्र जयपुर ने बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार, खुले आसमान के नीचे तैयार फसलों को बारिश से बचाने के लिए उचित इंतजाम किए जाने चाहिए.
इसके साथ ही कृषि उपज मंडियों में खुले में रखे अनाज और जिंसों को भीगने से बचाने के लिए जरूरी उपाय करने को कहा गया है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखें और फसलों व कृषि उपज की सुरक्षा के लिए समय रहते तैयारी करें.