SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राजस्थान की बेटी मनस्वी का कमाल: 9 महीने में 5 महाद्वीपों की चोटियां फतह, माउंट विन्सन पर भी फहराया तिरंगा

Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर की डॉ. मनस्वी अग्रवाल ने 9 महीने में 5 महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराया. एवरेस्ट पर गंभीर फ्रॉस्टबाइट के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और यह बड़ी उपलब्धि हासिल की.

Written By Sandhya Yadav
Published: Sep 27, 2026, 10:57 AM IST | Updated: Sep 27, 2026, 11:09 AM IST
Image Credit: डॉ. मनस्वी अग्रवाल.
Join

Udaipur News: राजस्थान के उदयपुर की 28 वर्षीय डॉ. मनस्वी अग्रवाल ने पर्वतारोहण की दुनिया में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने महज 9 महीनों में 5 महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर तिरंगा फहराया. इनमें एशिया का माउंट एवरेस्ट, यूरोप, अफ्रीका, अंटार्कटिका और दक्षिण अमेरिका की सर्वोच्च चोटियां शामिल हैं.

मनस्वी ने बताया कि इस उपलब्धि के साथ वह इतने कम समय में 5 महाद्वीपों की चोटियां फतह करने वाली देश की सबसे तेज महिला पर्वतारोही बनी हैं. इसके अलावा वह माउंट विन्सन मैसिफ पर तिरंगा फहराने वाली राजस्थान की पहली नागरिक भी हैं.

एवरेस्ट पर झेला जानलेवा खतरा
मनस्वी का पर्वतारोहण का सफर कई मुश्किलों से भरा रहा. माउंट एवरेस्ट फतह करने के बाद करीब 6400 मीटर की ऊंचाई पर कैंप-2 की ओर लौटते समय उन्हें गंभीर ग्रेड-3 और ग्रेड-4 फ्रॉस्टबाइट हुआ. इलाज के दौरान उन्हें दोनों पैरों की कुल 6 उंगलियां गंवानी पड़ीं.

इस कठिन समय में उनके दल के दो सदस्यों की मौत भी हो गई. इसके बावजूद मनस्वी ने हिम्मत नहीं छोड़ी और अपने लक्ष्य पर डटी रहीं. समय पर इलाज और इंजेक्शन मिलने से उनके पैर बचाए जा सके.

माउंट आबू से शुरू हुआ पर्वतारोहण का सफर
डॉ. मनस्वी की पर्वतारोहण की शुरुआत माउंट आबू के स्वामी विवेकानंद पर्वतारोहण संस्थान से हुई. साल 2021 में परिवार के साथ माउंट आबू आने के दौरान उन्हें इस संस्थान के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने यहां बेसिक और एडवांस पर्वतारोहण की ट्रेनिंग ली.

संस्थान की प्राचार्य राजल पटेल के मार्गदर्शन में मनस्वी का पर्वतारोहण का सफर आगे बढ़ता गया. प्रशिक्षण के बाद उन्होंने अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार मेहनत की और एवरेस्ट से लेकर अंटार्कटिका की बर्फीली चोटियों तक पहुंचकर तिरंगा फहराया.

पढ़ाई और खेलों में भी बनाई पहचान
मनस्वी केवल पर्वतारोहण में ही आगे नहीं हैं, बल्कि पढ़ाई और खेलों में भी उन्होंने उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने खनन एवं पर्यावरण कानून में पीएचडी की है. इसके अलावा 10 मीटर राइफल शूटिंग और हॉर्स राइडिंग में भी उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है.

माउंट आबू में हुआ जोरदार स्वागत
माउंट आबू पहुंचने पर डॉ. मनस्वी अग्रवाल का जोरदार स्वागत किया गया. इस दौरान उन्होंने संस्थान की प्राचार्य राजल पटेल सहित पूरी टीम का आभार जताया. कठिन परिस्थितियों और जानलेवा खतरे के बावजूद अपने लक्ष्य को हासिल करने वाली मनस्वी की कहानी युवाओं के लिए साहस और दृढ़ संकल्प की मिसाल बन गई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES