कोटा से जयपुर तक हादसों का कहर: सेना का जवान शहीद, दौसा में दो युवकों की गई जान
राजस्थान में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में सेना के एक जवान समेत तीन लोगों की मौत हो गई. कोटा के सुल्तानपुर में ट्रक की टक्कर से जवान शहीद हुआ, जबकि दौसा में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई. जयपुर में बेकाबू कार पटाखे की दुकान में घुस गई.
Rajasthan Road Accidents: राजस्थान में दीपावली के दौरान अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई. कोटा जिले के सुल्तानपुर में सेना के ट्रक को पीछे से आए सिलेंडरों से भरे सिविल ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में ट्रक के नीचे काम कर रहे सेना के एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, दौसा जिले में एनएच-21 पर बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई. उधर, जयपुर में देर रात बेकाबू कार पटाखे की दुकान में जा घुसी. इन तीनों घटनाओं के बाद संबंधित इलाकों में पुलिस ने कार्रवाई शुरू की.
कोटा: सेना के ट्रक को सिलेंडरों से भरे ट्रक ने मारी टक्कर, जवान की मौत कोटा जिले के सुल्तानपुर क्षेत्र में जालिमपुरा के पास सड़क किनारे खड़े सेना के ट्रक को पीछे से आए सिलेंडरों से भरे सिविल ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के समय सेना का एक जवान ट्रक के नीचे काम कर रहा था. टक्कर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायल जवान को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.
दौसा: एनएच-21 पर बाइक डिवाइडर से टकराई, दो युवकों की मौत दौसा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में एनएच-21 पर डाबर की ढाणी के पास भीषण सड़क हादसा हो गया. बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान फराशपुरा गांव निवासी हरसहाय और मोहर सिंह बैरवा के रूप में हुई है.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को सिकंदरा अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. दोनों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं. हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. परिवारों में कोहराम मच गया. हादसे की वजह अभी साफ नहीं है, हालांकि बताया जा रहा है कि बाइक डिवाइडर से टकराई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.
जयपुर: पटाखे की दुकान में घुसी बेकाबू कार, चार गिरफ्तार जयपुर में दीपावली की देर रात करीब दो बजे लक्ष्मी मंदिर सिनेमा के सामने पटाखे की दुकान में तेज रफ्तार कार घुस गई. कार ने दुकान के शटर को टक्कर मारकर तोड़ दिया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. बताया गया कि कार में चालक सहित चार युवक सवार थे और सभी नशे की हालत में थे. कार की सीट पर शराब की बोतल भी मिली. पुलिस ने चालक सहित चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया.
अलवर में रोडवेज बस ने बाइक सवार दो युवकों को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
अलवर शहर के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. केसरपुर के पास चौधरी पेट्रोल पंप के सामने राजस्थान रोडवेज की बस ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
काम खत्म कर गांव लौट रहे थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, बुर्जा गांव निवासी बिन्टू हरिजन और कालू अलवर के मत्स्य औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में साफ-सफाई का काम करते हैं. सोमवार दोपहर दोनों अपना काम खत्म करने के बाद बाइक से गांव बुर्जा लौट रहे थे. इसी दौरान केसरपुर के पास चौधरी पेट्रोल पंप के सामने राजगढ़ की ओर से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े. हादसे में बिन्टू हरिजन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कालू गंभीर रूप से घायल हो गया. अचानक हुए इस हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
घायल युवक को जयपुर किया रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अलवर के राजकीय सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. हालांकि, गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया.
वहीं, पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
बुर्जा गांव में छाया मातम
हादसे की सूचना मृतक बिन्टू हरिजन के परिजनों को दे दी गई है. एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर घायल होने की खबर से बुर्जा गांव में शोक की लहर दौड़ गई. बिन्टू की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, घायल कालू की जिंदगी बचाने के लिए चिकित्सक प्रयास कर रहे हैं.
अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.