‘अपनी गिरेबां में झांकें गहलोत’: निकाय चुनाव के बाद BJP नेताओं का पूर्व CM पर बड़ा हमला
Rajasthan News: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के नतीजों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज है. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर समेत बीजेपी नेताओं ने अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि जनता ने बीजेपी को समर्थन दिया है और आगामी पंचायत चुनाव में भी जनता अपने विवेक से फैसला करेगी.
Rajasthan Politics News: राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मिले जनसमर्थन के बाद कांग्रेस नेताओं की हताशा बयानों में स्पष्ट दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा अपनी हार पर आत्ममंथन करने की बजाय जनादेश पर सवाल उठाना जनता का अपमान है. उन्होंने कहा कि आने वाले पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी जनता अपने विवेक से निर्णय करेगी.
जनता जिसे आशीर्वाद देती है, वह विजयी होता है - मदन दिलावर
मदन दिलावर ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निष्पक्ष भाव से कार्य कर रही है. सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. यही कारण है कि नगर निकाय चुनावों में जनता ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोच्च है और जनता जिस दल को अपना आशीर्वाद देती है, वही चुनाव में विजयी होता है.
अशोक गहलोत का बयान हताशा भरा - गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का बयान हताशा भरा है. कांग्रेस सरकार ने पंचायती राज व्यवस्था को पंगु कर दिया था और एक-एक पंचायत समिति में दो-दो साल तक चुनाव चलते रहे और विकास कार्य अवरुद्ध रहे. जबकि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की परिकल्पना को साकार कर रही है.
भजनलाल सरकार के काम पर लगी मुहर
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता ने भजनलाल सरकार के कामकाज पर अपनी मुहर लगाई है और अब पंचायत चुनाव में भी भाजपा को भारी जनसमर्थन मिलेगा. क्योंकि हर बार हार के बाद कभी ईवीएम का मुद्दा उठाने और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ बयान देने वाली कांग्रेस की प्रासंगिकता जनता के बीच समाप्त हो गई है.
क्या बोले ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर?
ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपनी गिरेबां में झांककर देखना चाहिए कि उनके शासनकाल में पंचायत राज चुनाव टुकड़ों में करवाए गए और सत्ता का दुरुपयोग करते हुए खरीद-फरोख्त कर बोर्ड बनाए गए. इतना ही नहीं, सत्ता में बने रहने के लिए विधायकों से लेकर मंत्रियों की लगातार फोन टैपिंग करवाई गई.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पानी-बिजली सहित सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक काम हो रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप नगरीय निकायों में भाजपा को प्रचंड जनादेश प्राप्त हुआ. उससे अशोक गहलोत को छटपटाहट हो रही है. क्योंकि कांग्रेस में आपसी खींचतान के चलते उनके नेताओं में एक-दूसरे के प्रति विश्वास नहीं है और केवल सत्ता लोलुपता सता रही है.
प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने भी किया पलटवार
प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने भी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर पलटवार करते हुए कहा कि सत्ता बचाने के लिए कोविड के समय में भी इनकी कांग्रेस सरकार कई दिनों तक होटलों में कैद रही. चूंकि अब अशोक गहलोत की गांधी परिवार के दरवाजे पर पहले जैसी स्वीकार्यता नहीं रही, इसी कारण वे राहुल गांधी को खुश करने के लिए झूठी बयानबाजी कर रहे हैं.