App

राजस्थान पंचायत समिति प्रधान चुनाव: आज 37 जिलों की 419 सीटों पर मतदान, शाम 5 बजे तक आएंगे नतीजे

राजस्थान के 37 जिलों में 419 सीटों पर पंचायत समिति प्रधान के पदों के लिए आज चुनाव हो रहे हैं. नतीजे शाम 5:00 बजे तक घोषित कर दिए जाएंगे. किस सीट पर कौन बाजी मारेगा? सबकी नजरें इसी पर टिकी हैं.

राजस्थान पंचायत समिति प्रधान चुनाव: आज 37 जिलों की 419 सीटों पर मतदान, शाम 5 बजे तक आएंगे नतीजे
Image Credit: राजस्थान पंचायत समिति प्रधान चुनाव (AI IMAGE)

राजस्थान के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में आज (27 नवंबर, 2026) पंचायत समिति प्रधानों के लिए मतदान हो रहा है. शाम 5 बजे तक सभी नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे. 10 बजे बैठक शुरू होकर 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे, जिसके बाद 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच और दोपहर 1 बजे तक नाम वापसी होगी.  आवश्यकता पड़ने पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा और इसके तुरंत बाद मतगणना कर नए प्रधानों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि कल 28 नवंबर को उप-प्रधानों का चुनाव होगा.

राजसमंद में प्रशासन की तैयारी पूरी

राजसमंद जिले की 9 पंचायत समितियां में होने वाले प्रधान चुनाव को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है. बीते दिन राजसमंद उपखंड अधिकारी ओम प्रभा और पुलिस के अधिकारियों ने व्यवस्था का जायजा लिया और जरूरी दिशा निर्देश दिए. जिले की सभी पंचायत समितियों में प्रधान और उप प्रधान पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी. राजसमंद उपखंड अधिकारी ओम प्रभा ने बताया कि प्रधान और उप प्रधान पद के चुनाव के दौरान मोबाइल पूरी तरीके से प्रतिबंधित रहेगा. पंचायत समिति परिसर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी. जगह-जगह सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. पंचायत समिति सदस्यों के अलावा किसी अन्य को मतदान केंद्र के अंदर एंट्री नहीं दी जाएगी .

परबतसर ओर पीलवा में किसकी जीत होगी?

परबतसर ओर पीलवा में पंचायत समिति प्रधान पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. परबतसर पंचायत समिति में 6 सीट बीजेपी, 6 सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ओर 5 सीट पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है. वहीं, पीलवा में 7 सीटों पर RLP ने, 6 सीटों पर कांग्रेस और 3 सीटों पर बीजेपी ने कब्जा किया है. अब दोनों जगह प्रधान पद की कुर्सी पर किसका कब्जा होगा, किसके पक्ष में बहुमत बनेगा और किस प्रत्याशी के सिर जीत का ताज सजेगा? इन तमाम सवालों का जवाब चुनावी नतीजों के साथ सामने आएगा.

झुंझुनूं की 14 सीटों पर कांटे की टक्कर

झुंझुनूं जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख पर कब्जा जमाने के बाद आज जिले की 14 पंचायत समितियों में प्रधान चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. जिले की 14 पंचायत समितियों में से कांग्रेस के पास 9 पंचायत समितियों चिड़ावा, अलसीसर, सूरजगढ़, मंडावा, नवलगढ़, उदयपुरवाटी, सिंघाना, गोठड़ा और गुढ़ागौड़जी में स्पष्ट बहुमत है. वहीं, झुंझुनूं और बुहाना पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ एक-एक सदस्य की जरूरत है.

पिलानी में निर्दलीय किंगमेकर की भूमिका में 

पिलानी में कांग्रेस-भाजपा बराबर होने से निर्दलीय किंगमेकर की भूमिका में हैं, जबकि खेतड़ी और बबाई में भाजपा मजबूत स्थिति में है और निर्दलीयों के समर्थन पर नजर बनाए हुए है. कांग्रेस के सामने अपने सदस्यों को क्रॉस वोटिंग से बचाना सबसे बड़ी चुनौती है. जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने चुनाव के लिए 9 एसडीएम, एक सहायक कलेक्टर और चार तहसीलदारों को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है, वहीं एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने सभी 14 स्थानों पर स्थानीय पुलिस के साथ रिजर्व फोर्स तैनात की है.

सिलोरा पंचायत समिति में दिलचस्प सियासी गणित

सिलोरा पंचायत समिति में प्रधान की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज है. प्रधान चुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू 13 बनाम 14 का सियासी गणित है. 27 सदस्यों वाली समिति में भाजपा के 13, RLP के 8 और कांग्रेस के 6 सदस्य हैं. बहुमत के लिए 14 सदस्यों का समर्थन जरूरी है. कांग्रेस और RLP के पास संयुक्त रूप से 14 सदस्य हैं, लेकिन दोनों के बीच एकजुटता के संकेत फिलहाल सामने नहीं आए हैं. ऐसे में भाजपा को बहुमत के लिए महज एक अतिरिक्त सदस्य का समर्थन जुटाना है.

इसी बीच, भाजपा से वरिष्ठ नेता हनुमान भादू की पत्नी बादाम देवी का नाम प्रधान पद के लिए चर्चा में है. बादाम देवी वार्ड 20 से चुनाव जीती हैं. हनुमान भादू 2000 से 2005 तक सरपंच, 2005 से 2010 तक डीआर, 2010 से 2015 तक पंचायत समिति सदस्य और 2015 से 2020 तक प्रधान रह चुके हैं. वे डीडीवाड़ा से सरपंच का चुनाव भी जीते हैं और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी के करीबी माने जाते हैं. टिकट वितरण से लेकर भाजपा सदस्यों की रणनीति तक उनकी भूमिका अहम रही है.

रिपोर्ट: जी मीडिया

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More