चूरू में कांग्रेस के हाथ से फिसलेगी जिला प्रमुख की कुर्सी? 21 सीटों के बावजूद फंसा पेच, राजेंद्र राठौड़ पर सबकी नजर
Churu Zila Pramukh Election: चूरू जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के पास 39 में से 21 सीटें हैं, लेकिन कुर्सी पर सस्पेंस बना है. OBC और सामान्य वर्ग की दावेदारी को लेकर खींचतान की चर्चा है. अंजूबाला मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं. वहीं भाजपा की नजर संभावित उलटफेर पर है.
राजस्थान के चूरू में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. जिला परिषद की 39 सीटों में से कांग्रेस ने 21 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है. भाजपा के पास 17 और माकपा के पास एक सीट है. आंकड़ों में कांग्रेस मजबूत है, लेकिन जिला प्रमुख के चेहरे को लेकर पार्टी के भीतर संभावित खींचतान की चर्चाओं ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है.
OBC और सामान्य वर्ग की दावेदारी पर चर्चा
चूरू जिला प्रमुख का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है. ऐसे में कांग्रेस किसे अपना उम्मीदवार बनाएगी, इस पर सबकी नजर है. सूत्रों के मुताबिक, पार्टी में ओबीसी और सामान्य वर्ग के बीच दावेदारी को लेकर मतभेद उभर सकते हैं. चर्चा है कि कांग्रेस सामाजिक समीकरण साधने के लिए ओबीसी महिला चेहरे पर दांव खेल सकती है. हालांकि पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
अंजूबाला की दावेदारी क्यों मजबूत?
जिला प्रमुख की दौड़ में अंजूबाला का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है. वह पूर्व विधायक पंडित भंवरलाल शर्मा की पुत्रवधू हैं और सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा के परिवार से जुड़ी हैं. अंजूबाला ने जिला परिषद चुनाव में जीत दर्ज की है. ऐसे में उन्हें कांग्रेस की मजबूत दावेदार माना जा रहा है. वहीं तारानगर विधायक नरेंद्र बुडानिया की पत्नी कनक बुडानिया और सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा के भाई केशरीचन्द शर्मा को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा.
कांग्रेस ने राजस्थान से बाहर की बाड़ाबंदी
जिला प्रमुख चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने जिला परिषद सदस्यों की बाड़ाबंदी राजस्थान से बाहर कर रखी है. इसे सदस्यों को एकजुट रखने और संभावित राजनीतिक जोड़तोड़ से बचाने की रणनीति माना जा रहा है. कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने 21 सदस्यों को साथ रखते हुए एक नाम पर सहमति बनाना है.
क्या राजेंद्र राठौड़ कर पाएंगे उलटफेर?
दूसरी तरफ भाजपा की नजर कांग्रेस के भीतर संभावित असंतोष पर है. वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ के राजनीतिक कौशल को देखते हुए बड़े उलटफेर की चर्चाएं भी हैं. पंचायत चुनाव में उनके पुत्र पराक्रम सिंह राठौड़ और पुत्रवधू कनिका राठौड़ ने जीत दर्ज की है. हालांकि भाजपा के पास कांग्रेस से चार सीटें कम हैं. ऐसे में जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचना आसान नहीं होगा. अब सवाल है कि कांग्रेस अपने बहुमत को जिला प्रमुख की जीत में बदल पाएगी या भाजपा कोई सियासी उलटफेर करेगी? इसका जवाब चुनाव के बाद ही मिलेगा.