)
राजस्थान में पंचायत चुनाव के तीन चरण पूरे हो चुके हैं. दीपोत्सव का पर्व खत्म होते ही भाजपा ने अब पंचायत चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद शुरू कर दी है. पार्टी की ओर से अलग-अलग नेताओं और प्रभारियों को प्रत्याशियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. ये प्रभारी प्रत्याशियों को प्रदेश के अलग-अलग होटल और रिसॉर्ट में लेकर जा रहे हैं. हालांकि, भाजपा इसे बाड़ेबंदी मानने के बजाय प्रशिक्षण शिविर बता रही है.
20 नवंबर तक रुकने की तैयारी के साथ बुलाए प्रत्याशी
भाजपा की ओर से प्रत्याशियों को 20 नवंबर तक रुकने की तैयारी के साथ आने के निर्देश दिए गए हैं. चुनाव जीतने वाले प्रत्याशियों का प्रशिक्षण इसके बाद भी जारी रहेगा, जबकि चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों का प्रशिक्षण 20 नवंबर को ही समाप्त हो जाएगा.
खास बात यह है कि प्रत्याशियों को फिलहाल यह जानकारी भी नहीं दी गई है कि उन्हें कहां ठहराया जाएगा. अलग-अलग क्षेत्रों के प्रत्याशियों को उनके प्रभारी और पार्टी नेता अलग-अलग स्थानों पर लेकर जा रहे हैं. अगले कुछ दिनों तक इन सभी प्रत्याशियों के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे.
प्रशिक्षण शिविरों में पार्टी की रीति-नीति का पाठ
भाजपा के इन प्रशिक्षण शिविरों में पार्टी के अलग-अलग नेता पंचायत चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को पार्टी की रीति-नीति की जानकारी देंगे. इसके साथ ही सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और आम जनता के बीच उनके प्रचार-प्रसार के तरीके भी बताए जाएंगे. प्रत्याशियों के लिए देवदर्शन यात्रा सहित कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. पार्टी ने इन सभी गतिविधियों के संचालन और प्रत्याशियों की जिम्मेदारी अलग-अलग नेताओं को सौंपी है.
श्रवण सिंह बगड़ी बोले- हमारे यहां बाड़ेबंदी नहीं होती
प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी को लेकर भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पार्टी में बाड़ेबंदी नहीं होती, बल्कि सभी लोगों को प्रशिक्षण दिया जाता है. नए जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देना जरूरी है. उन्होंने कहा कि गांव के लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ कैसे पहुंचे, इसी उद्देश्य से यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
मदन राठौड़ ने बताई प्रशिक्षण शिविरों की वजह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी प्रत्याशियों के प्रशिक्षण शिविरों को पार्टी की परंपरा बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा में जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देने की परंपरा रही है. शहरों में मिलने वाली सुविधाएं गांवों तक पहुंचें, इसके लिए जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षित करना जरूरी है. प्रत्याशियों को प्रदेश से बाहर ले जाने के सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा कि बाहर जाना भी प्रशिक्षण का ही हिस्सा है.
चुनाव परिणाम तक प्रत्याशियों को एकजुट रखने की चुनौती
भाजपा भले ही इन गतिविधियों को प्रशिक्षण शिविर बता रही हो, लेकिन पंचायत चुनाव के हजारों प्रत्याशियों को एकजुट रखना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है. यही वजह है कि अलग-अलग नेताओं को प्रत्याशियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
फिलहाल भाजपा का पूरा फोकस चुनाव परिणाम आने तक प्रत्याशियों को संभालकर रखने पर है. पार्टी की कोशिश है कि इस दौरान सभी प्रत्याशी एकजुट रहें. अब ये प्रशिक्षण शिविर भाजपा के लिए कितने कारगर साबित होते हैं, इसका पता चुनाव परिणाम आने के बाद ही चलेगा.