SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026: कहीं मतदान का बहिष्कार तो कहीं हमला, EVM खराब होने से भी रुकी वोटिंग

राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2026 में फलोदी के ढढू गांव में दो लोगों पर हमला हुआ. कोटा, पाली और डूंगरपुर के कुछ गांवों में परिसीमन के विरोध में मतदान का बहिष्कार किया गया, जबकि भीलूड़ा में EVM खराब होने से करीब दो घंटे वोटिंग रुकी रही.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Oct 22, 2026, 04:06 PM IST | Updated: Oct 22, 2026, 04:32 PM IST
Image Credit: राजस्थान पंचायतीराज चुनाव 2026.
Join

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के दौरान प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से विरोध और अव्यवस्थाओं की खबरें सामने आई हैं. कहीं परिसीमन से नाराज ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया, तो कहीं मतदान केंद्र के बाहर दो लोगों पर हमला होने से अफरा-तफरी मच गई. डूंगरपुर जिले में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण करीब दो घंटे तक मतदान भी बाधित रहा. इन घटनाओं के बीच प्रशासन ग्रामीणों को समझाने और मतदान प्रक्रिया सुचारु बनाए रखने में जुटा रहा.

फलोदी: मतदान केंद्र के बाहर दो लोगों पर हमला
फलोदी जिले के ढढू गांव में पंचायतीराज चुनाव के दौरान मतदान केंद्र के बाहर अज्ञात हमलावरों ने दो लोगों पर हमला कर दिया. इस घटना में फलोदी पंचायत समिति के निर्दलीय उम्मीदवार हनुमान विश्नोई और प्रकाश विश्नोई घायल हो गए. हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. सूचना मिलने के बाद फलोदी जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंचे.

कोटा: चकटौड़ी गांव में ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार
कोटा जिले के इटावा क्षेत्र के चकटौड़ी गांव में ग्रामीणों ने मतदान से दूरी बना ली. ग्रामीण ढीपरी चंबल से सिनोता ग्राम पंचायत में जोड़े जाने से नाराज हैं. इसी विरोध के चलते उन्होंने मतदान का बहिष्कार किया. मामले की जानकारी मिलने पर केडीए के तहसीलदार सुरेंद्र शर्मा और ललित किशोर नागर गांव पहुंचे. अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे और मतदान का बहिष्कार जारी रखा.

पाली: नापावास में दोपहर 1 बजे तक सिर्फ 3 वोट
पाली जिले के सोजत तहसील क्षेत्र के नापावास गांव में वार्ड परिसीमन के विरोध में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया. गांव में कुल 416 मतदाता हैं, लेकिन दोपहर 1 बजे तक केवल तीन लोगों ने वोट डाला था.

ग्रामीण वार्ड संख्या 1 से हटाकर वार्ड संख्या 3 में शामिल किए जाने से नाराज हैं. मांग का समाधान नहीं होने पर उन्होंने विरोध जताया. मतदान केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा. सोजत तहसीलदार कुप सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया.

यह भी पढे़ं- जयपुर पंचायत चुनाव में मतदान से पहले EVM में तकनीकी खराबी: 797 बूथों पर वोटिंग जारी

डूंगरपुर: डूठारिया में परिसीमन के विरोध में बहिष्कार
डूंगरपुर जिले के डूठारिया गांव में भी परिसीमन से नाराज ग्रामीणों ने मतदान नहीं किया. चुनाव से पहले ग्रामीणों ने अपनी मांग को लेकर चेतावनी दी थी, लेकिन मांग पूरी नहीं होने पर वे बहिष्कार पर अड़े रहे. प्रशासन की समझाइश के बावजूद मतदान शुरू नहीं हो सका. ग्रामीण विजयपाल और रमेश कुमार ने बताया कि न्याय नहीं मिलने तक उनका बहिष्कार जारी रहेगा.

भीलूड़ा में दो घंटे बाधित रहा मतदान
डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा पंचायत समिति की भीलूड़ा ग्राम पंचायत के बूथ नंबर 88 पर सुबह 9 बजकर 41 मिनट पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आ गई. बूथ पर 1,043 मतदाता पंजीकृत हैं. मशीन खराब होने से पहले 144 मतदाता वोट डाल चुके थे. इसके बाद करीब दो घंटे तक मतदान ठप रहा.

सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर निर्वाचन विभाग की टीम नई ईवीएम लेकर पहुंची, जिसके बाद मतदान दोबारा शुरू हुआ. जिले की झोथरी, सीमलवाड़ा, भंडारी, चिखली, गलियाकोट, सागवाड़ा और पाडवा पंचायत समितियों में मतदान जारी था. अलग-अलग स्थानों पर सामने आई इन घटनाओं ने चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासन के सामने कई चुनौतियां खड़ी कर दीं.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES