डेढ़ घंटे तक गायब और फिर मिला शव: जोधपुर AIIMS में रेजिडेंट डॉक्टर की मौत
Rajasthan News: जोधपुर AIIMS में 31 वर्षीय रेजिडेंट डॉक्टर राज नरेश यादव ने ड्यूटी के दौरान बाथरूम में इंजेक्शन लगाकर सुसाइड कर लिया. बासनी पुलिस ने ड्यूटी रूम सीज किया है. सुसाइड की वजह अभी सामने नहीं आई है, जांच जारी है.
Jodhpur News: जोधपुर AIIMS में 31 साल के रेजिडेंट डॉक्टर राज नरेश यादव ने ड्यूटी के दौरान कथित तौर पर सुसाइड कर लिया. अलवर निवासी राज नरेश एनेस्थिसिया विभाग में PG फर्स्ट ईयर के रेजिडेंट डॉक्टर थे. उन्होंने OT कॉम्प्लेक्स के ब्रेक रूम के बाथरूम में इंजेक्शन लगाकर जान दी. सूचना मिलने के बाद बासनी पुलिस मौके पर पहुंची और ड्यूटी रूम को फिलहाल सीज कर दिया गया है. पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी है. सुसाइड के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. मामले की जांच बासनी थानाधिकारी नितिन दवे कर रहे हैं.
OT ड्यूटी के दौरान बाहर निकले थे डॉक्टर
बासनी थानाधिकारी नितिन दवे के अनुसार, राज नरेश यादव मंगलवार को OT ड्यूटी पर थे. दोपहर में ड्यूटी के बीच वह OT से बाहर चले गए. करीब डेढ़ से दो घंटे तक जब वह वापस नहीं लौटे तो साथ काम कर रहे रेजिडेंट डॉक्टरों को चिंता हुई. साथी डॉक्टरों ने उन्हें फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने राज नरेश की तलाश शुरू की और OT कॉम्प्लेक्स के ब्रेक रूम में पहुंचे.
बाथरूम का दरवाजा तोड़कर निकाला बाहर
ब्रेक रूम में पहुंचने पर डॉक्टरों ने देखा कि बाथरूम अंदर से बंद था. काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इसके बाद डॉक्टरों ने दरवाजा तोड़ दिया. अंदर राज नरेश अचेत हालत में पड़े मिले. साथी डॉक्टरों ने उन्हें बाहर निकाला और CPR देने के साथ इमरजेंसी इलाज की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
इंजेक्शन लगाकर सुसाइड की आशंका
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि राज नरेश ने खुद को इंजेक्शन लगाकर सुसाइड किया. हालांकि, कौन सा इंजेक्शन इस्तेमाल किया गया, इसकी अभी जानकारी नहीं मिली है. पोस्टमार्टम के बाद ही मौत से जुड़ी स्थिति और साफ हो सकेगी. फिलहाल AIIMS की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस ने ड्यूटी रूम को सीज कर दिया है और मामले से जुड़े सबूतों की जांच की जा रही है.
परिजनों के आने के बाद आगे की जांच
पुलिस ने घटना की जानकारी राज नरेश के परिजनों को दे दी है. उनके परिजन अलवर से जोधपुर आएंगे. उनके आने के बाद पुलिस आगे की जांच करेगी. फिलहाल सुसाइड के पीछे की वजह क्या रही, इसका खुलासा नहीं हुआ है.
लंबे गैप के बाद शुरू की थी PG
राज नरेश यादव ने जोधपुर AIIMS से ही MBBS की पढ़ाई की थी. इसके बाद वे दिल्ली चले गए थे. करीब 4-5 साल के गैप के बाद उन्होंने PG की परीक्षा दी थी. पिछले साल उन्हें जोधपुर AIIMS के एनेस्थिसिया विभाग में PG की सीट मिली थी. वे PG फर्स्ट ईयर में ही थे. इस दौरान किसी तरह के दबाव या परेशानी को लेकर अब तक आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
Disclaimer: जीवन अनमोल है. जी भरकर जिएं. इसका पूरी तरह सम्मान करें. हर पल का आनंद लें. किसी बात-विषय-घटना के कारण व्यथित हों तो जीवन से हार मानने की कोई जरूरत नहीं. अच्छे और बुरे दौर आते-जाते रहते हैं. लेकिन कभी जब किसी कारण गहन हताशा, निराशा, डिप्रेशन महसूस करें तो सरकार द्वारा प्रदत्त हेल्पलाइन नंबर 9152987821 पर संपर्क करें.
रिपोर्टर - राकेश भारद्वाज