SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

न ढोल-नगाड़े, न समर्थकों की भीड़! जयपुर में नामांकन के पहले दिन पसरा सन्नाटा

Rajasthan News: जयपुर नगर निगम चुनाव में नामांकन के पहले दिन 150 वार्डों में सिर्फ 11 प्रत्याशियों ने 13 नामांकन दाखिल किए. 141 वार्डों में कोई नामांकन नहीं हुआ. 29 और 31 अगस्त को नामांकन के आखिरी मौके होंगे. टिकट जारी होने के बाद हलचल बढ़ेगी.

Edited By SAGAR CHAUDHARY
Published: Aug 27, 2026, 08:41 PM IST | Updated: Aug 27, 2026, 08:45 PM IST
Image Credit: Jaipur Nagar Nigam Nikay Chunav Nomination
Join

Jaipur Nagar Nigam Nikay Chunav: नगरीय निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में 967 प्रत्याशियों ने 1144 नामांकन दाखिल किए. हालांकि जयपुर नगर निगम चुनाव में पहले दिन चुनावी रंग फीका नजर आया. शहर के 15 नामांकन केंद्रों पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा. न ढोल-नगाड़े बजे और न ही प्रत्याशियों के साथ समर्थकों की भीड़ दिखाई दी. जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में पहले दिन महज 11 प्रत्याशियों ने 13 नामांकन पत्र दाखिल किए. वार्ड 12, 14, 16, 25, 31, 40, 50, 99 और 148 से ही नामांकन पहुंचे. यानी 141 वार्ड ऐसे रहे, जहां पहले दिन एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ.

पहले दिन 8 निर्दलीय और 4 कांग्रेस प्रत्याशियों ने भरा नामांकन
नामांकन पत्रों की सूची के अनुसार इनमें 8 प्रत्याशियों ने निर्दलीय और 4 ने कांग्रेस के नाम से दावेदारी जताई. हालांकि अभी राजनीतिक दलों की ओर से अधिकृत सिंबल जारी नहीं किए गए हैं. ऐसे में अंतिम रूप से कौन प्रत्याशी किस पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के तौर पर मैदान में होगा, यह सिंबल आवंटन के बाद ही स्पष्ट होगा. पहले दिन ज्यादातर नामांकन केंद्रों पर निर्वाचन अधिकारी और कर्मचारी प्रत्याशियों के इंतजार में बैठे रहे.

टिकट का इंतजार, नामांकन प्रक्रिया पर पड़ा असर
राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं होने का असर नामांकन प्रक्रिया पर साफ दिखाई दिया. टिकट की दौड़ में शामिल अधिकांश दावेदार पार्टी के फैसले का इंतजार करते नजर आए. इस बार जयपुर नगर निगम में वार्डों की संख्या 250 से घटकर 150 रह गई है. सीमित सीटों पर टिकट के लिए दावेदारों के बीच मुकाबला भी तेज है. राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद ही नामांकन केंद्रों पर वास्तविक चुनावी हलचल बढ़ने की उम्मीद है.

आखिरी दो दिनों में बढ़ सकता है नामांकन का आंकड़ा
टिकट पाने वाले दावेदारों के साथ-साथ टिकट से वंचित नेताओं और बागी उम्मीदवारों के अगले कदम पर भी राजनीतिक दलों की नजर रहेगी. ऐसे में आखिरी दो दिनों में नामांकन का आंकड़ा तेजी से बढ़ने के आसार हैं.

27 से 31 अगस्त तक नामांकन, लेकिन दो दिन रहेगा अवकाश
नामांकन के लिए 27 से 31 अगस्त तक समय निर्धारित है, लेकिन बीच में दो दिन अवकाश होने से अब प्रत्याशियों के पास सिर्फ 29 और 31 अगस्त को नामांकन दाखिल करने का मौका रहेगा. 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण नामांकन नहीं होंगे.

सिर्फ 9 घंटे का समय बचा
दोनों दिन सुबह 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे. यानी अब प्रत्याशियों के पास कुल 9 घंटे का ही समय बचा है. राजनीतिक दलों की सूची जारी होने के बाद आखिरी दो दिनों में नामांकन केंद्रों पर भीड़ और चुनावी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES