नशे ने उजाड़ दिया रीना देवी का परिवार, 7 महीने में पति और दो बेटों की मौत, अब अकेले संभाल रहीं घर
हनुमानगढ़ की रीना देवी ने सात महीने के भीतर नशे के कारण दो बेटों और पति को खो दिया. अब वह घरों में झाड़ू-पोंछा कर बेटी, विधवा बहू और पोती का पालन-पोषण कर रही हैं. परिवार बीपीएल श्रेणी में है, लेकिन उन्हें सरकारी सहायता नहीं मिल पाई.
Hanumangarh drug abuse: नशे की लत किस तरह एक परिवार को बिखेर सकती है, इसकी दर्दनाक कहानी हनुमानगढ़ की रीना देवी की है. सात महीने के भीतर उन्होंने अपने दो जवान बेटों और पति को खो दिया. अब परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है. वह दूसरों के घरों में झाड़ू-पोंछा कर अपनी बेटी, विधवा बहू और पोती का पालन-पोषण कर रही हैं. रीना का कहना है कि उनके परिवार की यह हालत नशे की वजह से हुई है.
सात महीने में पति और दो बेटों की मौत
रीना देवी के बड़े बेटे विशाल डांगी (22) की पिछले साल नवंबर में कथित ओवरडोज से मौत हो गई थी. परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि चार महीने बाद 16 मार्च को छोटे बेटे रोहित डांगी (20) की भी कथित तौर पर नशे के कारण मौत हो गई. इसके बाद 23 जून को उनके पति प्रकाशसिंह डांगी (46) का भी निधन हो गया. एक के बाद एक तीन अपनों को खोने के बाद रीना के सामने परिवार को संभालने की जिम्मेदारी आ गई.
महिलाओं में भी बढ़ रही नशे की लत
हनुमानगढ़ के खुंजा इलाके समेत कई जगहों पर महिलाएं भी चिट्टा और नशीली दवाओं की गिरफ्त में आ रही हैं. एक महिला गर्भावस्था के दौरान नशे के कारण गंभीर रूप से बीमार हो गई. डॉक्टरों ने उसकी जान तो बचा ली, लेकिन गर्भस्थ शिशु को नहीं बचाया जा सका. नशे की वजह से उसके पति ने भी उसका साथ छोड़ दिया. अब वह नशा छोड़ने की कोशिश कर रही है.
नशा मुक्ति शिविरों में आने वाले 70 प्रतिशत युवा आदी
मानस नशा मुक्ति अभियान के डॉ. ओपी सोलंकी के मुताबिक, नशा मुक्ति शिविरों में आने वाले करीब 70 प्रतिशत युवा हेरोइन और दवाओं के नशे के आदी होते हैं. यह आंकड़ा युवाओं में नशे की समस्या की गंभीरता को दिखाता है.
सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने की शिकायत
रीना देवी बताती हैं कि पांच साल पहले तक इलाके में चिट्टा और नशीली दवाओं का इतना चलन नहीं था. धीरे-धीरे युवा नशे की गिरफ्त में आने लगे और उनका परिवार भी बिखर गया. रीना का कहना है कि उनका परिवार बीपीएल श्रेणी में होने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सरकारी सहायता नहीं मिली. उनकी पोती को पालनहार योजना और पुत्रवधू को पेंशन का लाभ भी नहीं मिल सका. अब वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारी उठा रही हैं.