App

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास कड़बी के पूंजों में मिला युवक का शव, पास में 315 बोर का कट्टा बरामद

अलवर के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास खोरपुरी पुलिया के नजदीक कड़बी के पूंजों में 25 वर्षीय रविकांत का शव मिला. मौके से 315 बोर का कट्टा और बैग बरामद हुआ. पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है. परिजन को घटना की सूचना दी गई थी.

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास कड़बी के पूंजों में मिला युवक का शव, पास में 315 बोर का कट्टा बरामद
Image Credit: Delhi Mumbai Expressway

बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पास खोरपुरी पुलिया के नजदीक कड़बी के पूंजों में 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव के पास से पुलिस को 315 बोर का कट्टा और एक बैग भी मिला है. मृतक की पहचान कठूमर निवासी रविकांत पुत्र रणवीर सिंह के रूप में हुई है. वह गुरुग्राम के एक होटल में मैनेजमेंट का काम करता था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मशीन से कड़बी कटवाने पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे करण सिंह खोरपुरी पुलिया के पास कड़बी के पूंजों को मशीन से कटवाने के लिए पहुंचा था. इसी दौरान उसकी नजर पूंजों के बीच पड़े एक युवक के शव पर पड़ी. उसने तुरंत इसकी सूचना बड़ौदामेव थाना पुलिस को दी.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसके पास मिले 315 बोर के कट्टे और बैग को भी अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद शव को बड़ौदामेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया.

पहचान पत्र से हुई रविकांत की पहचान

मृतक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान कठूमर निवासी रविकांत के रूप में हुई. पुलिस ने इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी. रविकांत के चाचा धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वह गुरुग्राम के एक होटल में मैनेजमेंट का काम करता था. दीपावली पर वह छह दिन की छुट्टी लेकर घर आया हुआ था.

14 नवंबर को बस से गुरुग्राम के लिए निकला था

चाचा धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, रविकांत 14 नवंबर को सुबह करीब 7 बजे दिल्ली जाने वाली बस में बैठकर गुरुग्राम के लिए रवाना हुआ था. इसके बाद अगले दिन सुबह परिजनों को फोन के जरिए सूचना मिली कि खोरपुरी पुलिया के पास उसका शव मिला है. यह खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.

पीछे छोड़ गया पत्नी और दो छोटे बच्चे

परिजनों ने बताया कि रविकांत दो भाइयों में छोटा था. उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं. इनमें 14 महीने की बेटी और महज सवा महीने का बेटा है. परिवार के लिए यह घटना बड़ा सदमा है. युवक का शव मिलने के साथ ही मौके से कट्टा और बैग बरामद होने के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. रविकांत की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह खोरपुरी पुलिया के पास कैसे पहुंचा, इसका पता फिलहाल नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More