SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दिवाली की रात आतिशबाजी बनी आफत , राजस्थान के कई जिलों में भीषण आगजनी, जोधपुर-पाली में बड़ा हादसा तो भरतपुर में पुलिस पर पथराव

दिवाली पर पूरा राजस्थान रोशनी से नहाया हुआ था, वहीं पटाखों की चिंगारी और हादसों ने कई परिवारों की खुशियां खत्म कर दीं. कोटा, जोधपुर, पाली और जालौर समेत कई हिस्सों में देर रात आगजनी की दर्दनाक घटनाएं हुईं, वहीं भरतपुर में आधी रात को पुलिस और जनता आमने-सामने आ गई.

Written By Zee Rajasthan Web Team
Published: Nov 09, 2026, 09:47 AM IST | Updated: Nov 09, 2026, 10:06 AM IST
Image Credit: जालौर: देसू गांव में तीन घरों में लगी आग, भारी नुकसान
Join

जैतसर (श्रीगंगानगर) : आतिशबाजी की चिंगारी से नोहरे में रखी पराली राख, टला बड़ा हादसा
जैतसर के नजदीकी गांव 10 सरकारी में दीपावली की आतिशबाजी के दौरान उड़ी चिंगारी से एक नोहरे में रखी पराली और सूखी लकड़ियों में भीषण आग लग गई. किसान ने धान कटाई के बाद पशुओं के चारे के लिए यह पराली जमा की थी. हवा के चलते आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया. ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत पानी के टैंकर मंगवाए और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के मकानों तक आग फैलने से बच गई.

कोटा : शहरभर से आई 36 फायर कॉल्स, थाना परिसर में जब्त बाइक जली
कोटा शहर में दीपावली की रात पटाखों की चिंगारी से कई मकानों, सूखी झाड़ियों, ऑटो और फर्नीचर में आग लग गई. महावीर नगर थाना परिसर में जब्त की गई मोटरसाइकिलों में आग लग गई. रातभर शहर से 36 फायर कॉल्स दर्ज की गईं. उपायुक्त फायर राकेश व्यास और सीएफओ अमजद खान लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग करते रहे और बड़ी जनहानि होने से टल गई.

टोंक: नेहरू पार्क की केबिन जलकर राख, पटाखों से हादसे की आशंका
टोंक स्थित नेहरू पार्क में स्थित एक केबिन में दीपावली की रात अचानक आग लग गई. आशंका जताई जा रही है कि आतिशबाजी के दौरान पटाखों से आग लगी. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और प्रशासनिक निगरानी में दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया.

भरतपुर: लक्ष्मण मंदिर पर आधी रात को बवाल, पुलिस-पब्लिक में हाथापाई
भरतपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मण मंदिर के पास दीपावली की रात पुलिस और जनता के बीच भारी बवाल हो गया. भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और हाथापाई की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया.

जोधपुर: बासनी इंडस्ट्रियल एरिया के गोदाम में भीषण आग
जोधपुर के बासनी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक ट्रांसपोर्ट गोदाम में देर रात अचानक भीषण आग लग गई. सूचना मिलते ही बासनी फायर स्टेशन से 10 से 15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. बासनी थानाधिकारी नितिन दवे, एएसआई ओमप्रकाश और महापौर प्रसन्न चंद मेहता ने घटनास्थल का जायजा लिया. अग्निशमन विभाग की टीम गोदाम के एक कमरे में लगी आग को बुझाने में देर रात तक जुटी रही.

बीकानेर: रानीसर बास में कूलर स्क्रैप के बाड़े में आग, अफरा-तफरी
बीकानेर के रानीसर बास इलाके में पटाखों के साइड इफेक्ट से एक कूलर स्क्रैप के बाड़े में भीषण आग लग गई. सूचना मिलने पर स्थानीय पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित, अनूप गहलोत और अयूब कायमखानी मौके पर पहुंचे. दो दमकल वाहनों की मदद से दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया.

जालौर: देसू गांव में तीन घरों में लगी आग, भारी नुकसान
जालौर जिले के देसू गांव में अज्ञात कारणों से तीन घरों में भीषण आग लग गई. आग की चपेट में आने से तीनों परिवारों का घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया. हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है.

फालना (पाली): पटाखा दुकानों में लगी भीषण आग, कई लोग झुलसे
पाली जिले के फालना शहर में स्वर्ण मंदिर के पास स्थित पटाखा दुकानों में देर रात भीषण आग लग गई. आग की लपटों से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हादसे में कई लोग झुलस गए. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां राहत व बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं.

बारां: कॉलेज तिराहे पर ऑटो पार्ट्स की दुकान जलकर राख
बारां शहर के कॉलेज तिराहे स्थित हॉस्पिटल रोड पर एक कैफे के नीचे संचालित ऑटो पार्ट्स की दुकान में पूजा के बाद आग लग गई. दुकानदार दीपावली की पूजा कर घर लौटे ही थे कि दुकान से धुआं उठने लगा. देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को चपेट में ले लिया. दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

ZEENEWS TRENDING STORIES