16 साल की बेटी का 2 लाख में सौदा: शिकायत मिलते ही 60 मिनट में जैसलमेर से दबोचा आरोपी
Rajasthan News: बिहार के अरवल से नाबालिग की खरीद-फरोख्त और जबरन शादी का मामला सामने आया. चाचा की शिकायत पर पोकरण पुलिस ने 60 मिनट में कार्रवाई कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया और नाबालिग को सकुशल बरामद कर बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया.
Jaisalmer News: बिहार के अरवल जिले से नाबालिग लड़की की कथित खरीद-फरोख्त और जबरन शादी का मामला सामने आया है. मामले की शिकायत मिलने के बाद पोकरण पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया. नाबालिग के चाचा ने पोकरण थाने में शिकायत देकर बच्ची को बिहार से राजस्थान लाकर पोकरण क्षेत्र में रखने की जानकारी दी थी.
दो लाख रुपए में सौदा करने का आरोप
शिकायत के अनुसार, अरवल जिले में रहने वाले नाबालिग के पिता ने अपनी दूसरी पत्नी और कुछ परिचितों के साथ मिलकर अपनी 16 साल की बेटी का कथित तौर पर दो लाख रुपए में सौदा किया. आरोप है कि यह सौदा पोकरण निवासी टीकमचंद पुत्र चौथाराम माली के साथ किया गया. इसके बाद टीकमचंद नाबालिग को अपने साथ पोकरण क्षेत्र के पुरोहितसर गांव ले आया. आरोप है कि युवक ने नाबालिग से शादी भी कर ली और उसे अपने साथ रखने लगा.
एसपी ऑफिस में चाचा ने दी शिकायत
नाबालिग के चाचा ने जैसलमेर एसपी ऑफिस में शिकायत देकर बताया कि उनकी भतीजी को बिहार से राजस्थान लाकर पोकरण क्षेत्र के पुरोहितसर गांव में रखा गया है. उन्होंने पुलिस से नाबालिग को बरामद करने और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इसके बाद शिकायत पोकरण पुलिस तक पहुंची और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की.
शिकायत के 60 मिनट के अंदर दबिश
थानाधिकारी मनीष कुमार सोनी के अनुसार, एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर एएसपी वीरेंद्र सिंह के सुपरविजन में पुलिस टीम का गठन किया गया. शिकायत मिलने के करीब 60 मिनट के अंदर पुलिस टीम ने पुरोहितसर गांव में दबिश दी. यहां से पुलिस ने नाबालिग को सकुशल दस्तयाब कर लिया. इसके साथ ही आरोपी युवक टीकमचंद माली, जिसकी उम्र 28 साल बताई गई है, को गिरफ्तार कर लिया गया.
नाबालिग को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया
पुलिस ने नाबालिग को बरामद करने के बाद बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया. समिति के स्तर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी टीकमचंद पर नाबालिग को दो लाख रुपए में खरीदने, उससे शादी करने और अपने साथ रखने का आरोप सामने आया है.
जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर अरवल भेजा मामला
मामला मूल रूप से बिहार के अरवल जिले से जुड़ा हुआ है. ऐसे में पोकरण पुलिस ने जीरो नंबर की एफआईआर दर्ज की है. इसके बाद मामले को आगे की जांच के लिए अरवल थाना पुलिस को भेज दिया गया. अब जांच में नाबालिग के पिता, उसकी दूसरी पत्नी, परिचितों और कथित तौर पर मामले में शामिल संभावित बिचौलियों की भूमिका भी सामने आएगी. पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है.