पहले बेहोश किया, फिर एक-एक वार में 4 कत्ल: पत्नी और 3 बेटियों की हत्या के बाद फरार, आरोपी पर 25 हजार का इनाम
Rajasthan News: जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर फरार आरोपी राहुल झा का शनिवार को भी सुराग नहीं मिला. पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम रखा है. सीसीटीवी और मोबाइल CDR के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है.
Jaipur Murder Case: जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति राहुल झा का शनिवार को भी कोई पता नहीं चल सका. पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है. पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उन गाड़ियों का पता लगाने में जुटी हैं, जिनमें आरोपी के फरार होने की आशंका है.
चारों शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे
करधनी थाना पुलिस ने कांवटिया हॉस्पिटल में चारों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पत्नी और तीनों बेटियों के सिर पर एक-एक वार किया था. वार इतना जोरदार था कि उनके सिर की हड्डियां तक टूट गईं.
सुबह घर में मिले थे चारों के शव
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 11 सितंबर की अलसुबह गोविंद वाटिका के प्लॉट नंबर ए-169 में राहुल झा (45) ने अपनी पत्नी गीता झा (40), बेटी नंदनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) की हत्या कर दी थी. वारदात के बाद से आरोपी राहुल झा फरार है.
दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ
पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी राहुल के दोस्तों और परिचितों से पूछताछ कर चुकी हैं. साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ गाड़ियों को संदिग्ध माना गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या राहुल इनमें से किसी गाड़ी में बैठकर फरार हुआ था.
एक-एक वार में कर दी हत्या
सूत्रों के अनुसार परिवार की हत्या की साजिश 10 सितंबर की रात से शुरू हुई थी. राहुल ने कथित तौर पर खाने में जहर मिला दिया था. खाना खाने के बाद पत्नी और तीनों बेटियां अपने-अपने कमरों में जाकर सो गईं. 11 सितंबर की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच चारों बेहोशी की हालत में पड़े थे.
पुलिस के मुताबिक राहुल को उनके जिंदा होने का शक हुआ. इसके बाद वह घर के बाहर रखी करीब डेढ़ फीट लंबी और करीब 10 किलो वजन की सीमेंट की पट्टी उठाकर अंदर लाया. उसने पत्नी और तीनों बेटियों के सिर और मुंह पर एक-एक बार तेजी से वार किया. एक ही वार में सिर की हड्डियां टूट गईं.
वार इतना तेज था कि सोफा भी टूट गया
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि हमला इतनी तेजी से किया गया था कि नीचे के कमरे में सोफे पर सो रही एक बेटी पर वार के दौरान सोफा भी टूट गया और वह जमीन पर गिर गई. वहीं, पहली मंजिल के कमरे में सो रही पत्नी के सिर और मुंह पर भी उसी तरह जोरदार वार किया गया. इस दौरान बेड के सिरहाने रखा राहुल का मोबाइल भी वार की चपेट में आकर टूट गया. पुलिस ने पत्नी और तीनों बेटियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं. इन मोबाइल को अनलॉक करवाने के लिए FSL भेजा जाएगा.
आरोपी के मोबाइल की CDR भी खंगाली
पुलिस ने आरोपी राहुल के मोबाइल नंबर की CDR भी निकलवाई है. इसमें सामने आया कि उसकी सबसे ज्यादा बातचीत पत्नी गीता झा (40) और बड़ी बेटी नंदनी (22) से होती थी. पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड में मिले नंबरों के आधार पर राहुल के दोस्तों से भी बात की. हालांकि दोस्तों ने राहुल के किसी तरह के तनाव या परेशानी में होने की जानकारी से इनकार किया है.