SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

‘साजिशकर्ताओं को बेनकाब करें’... संयम लोढ़ा मामले में गहलोत ने CM से की बड़ी मांग

Rajasthan News: सिरोही के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की हत्या की कथित साजिश पर पूर्व CM अशोक गहलोत ने चिंता जताई है. उन्होंने AGTF की कार्रवाई की सराहना करते हुए लोढ़ा की सुरक्षा बढ़ाने और साजिश के पीछे के लोगों को बेनकाब करने की मांग की.

Written By SAGAR CHAUDHARY
Published: Sep 25, 2026, 09:26 PM IST | Updated: Sep 25, 2026, 09:28 PM IST
Image Credit: Ashok Gehlot On Sanyam Lodha Murder Conspiracy
Join

Rajasthan Crime News: सिरोही के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की हत्या की कथित साजिश की खबर पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चिंता जताई है. गहलोत ने कहा कि यह बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है. उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने समय रहते शूटरों को पकड़ लिया, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी. गहलोत ने AGTF की कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए संयम लोढ़ा की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित करने की मांग की है.

गहलोत बोले- साजिशकर्ताओं को किया जाए बेनकाब
अशोक गहलोत ने कहा कि संयम लोढ़ा संघर्षशील और जनप्रिय नेता हैं. उनकी सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मामले को गंभीरता से लेने और इसकी पूरी मॉनिटरिंग करने की मांग की. गहलोत ने कहा कि जांच में यह पता लगाया जाना चाहिए कि संयम लोढ़ा को निशाना बनाने की कथित साजिश के पीछे कौन लोग थे और उन्हें किसने मदद पहुंचाई. साजिशकर्ताओं को बेनकाब कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.

नेपाल से आए थे शूटर, फार्म हाउस की हुई थी रेकी
दरअसल, जोधपुर में पकड़े गए लॉरेंस गैंग से जुड़े बताए जा रहे दो शूटरों से पूछताछ के बाद संयम लोढ़ा को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई थी. पुलिस के अनुसार दोनों शूटर नेपाल से आए थे और सिरोही में लोढ़ा के फार्म हाउस की रेकी की गई थी. फार्म हाउस के आसपास की पहाड़ियों से उनकी गतिविधियों और आने-जाने पर नजर रखी गई थी.

भीड़ के चलते बदला गया था प्लान
पुलिस जांच के अनुसार शूटरों ने यह पता लगाने की कोशिश की थी कि संयम लोढ़ा कब फार्म हाउस पर रहते हैं, उनसे कौन मिलने आता है और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुआ जा सकता है. निकाय चुनाव के दौरान फार्म हाउस पर पार्षदों और अन्य लोगों की भीड़ होने के कारण कथित तौर पर वारदात का प्लान बदल दिया गया था. इसके बाद दोनों शूटरों को जोधपुर भेज दिया गया था.

20 सितंबर को दोनों शूटर गिरफ्तार
AGTF को मिली सूचना के बाद जोधपुर पुलिस को इनपुट दिया गया था. इसके आधार पर AGTF और जोधपुर पुलिस ने 20 सितंबर को पंजाब निवासी जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा और राजिंदर उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया था. दोनों पर पंजाब पुलिस ने 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. पूछताछ में सामने आए इनपुट के आधार पर पाली-सिरोही हाईवे पर ढोला गांव के पास झाड़ियों से हथियार भी बरामद किए गए थे.

दो पिस्टल और 36 कारतूस मिले
पुलिस के मुताबिक, झाड़ियों में छिपाई गई कपड़े की थैली से तुर्की मेड 9 एमएम जिगाना/एफएक्स-9 पिस्टल, ऑस्ट्रिया मेड 9 एमएम ग्लॉक पिस्टल और दोनों की मैगजीन के साथ कुल 36 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे.

मोबाइल में मिली थी लोढ़ा की फोटो
पुलिस को गिरफ्तार शूटरों के मोबाइल से संयम लोढ़ा की फोटो मिलने की जानकारी सामने आई थी. इसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई थी. हालांकि सिरोही पुलिस ने इसे रूटीन सुरक्षा व्यवस्था बताया था. अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि फोटो किस उद्देश्य से रखी गई थी और रेकी में स्थानीय स्तर पर किसने मदद की थी.

हरियाणा में भी कनेक्शन की जांच
पूछताछ के बाद AGTF ने हरियाणा से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया था. इन पर कथित तौर पर रेकी और लॉजिस्टिक मदद देने का संदेह था. करीब 7-8 अन्य संदिग्ध भी पुलिस के रडार पर बताए गए थे. जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शूटरों को हथियार किसने उपलब्ध कराए, सिरोही में रेकी किसने कराई और स्थानीय स्तर पर किसने मदद की.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES