ATM लूटने घुसे बदमाश: महिला मैनेजर ने किया खेल खत्म, शटर गिराकर दोनों को अंदर किया बंद
Rajasthan News: नागौर में ATM लूटने पहुंचे दो बदमाशों को महिला ब्रांच मैनेजर ने शटर गिराकर अंदर ही बंद कर दिया. ATM में 16 लाख 900 रुपए कैश था. आरोपी गैस कटर से ATM काटने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
Nagaur News: नागौर में एटीएम लूटने पहुंचे दो बदमाशों को यूको बैंक की महिला ब्रांच मैनेजर ने शटर गिराकर अंदर ही बंद कर दिया. दोनों आरोपी गैस कटर और दूसरे औजार लेकर एटीएम बूथ में घुसे थे. एटीएम में 16 लाख 900 रुपए से ज्यादा कैश रखा हुआ था.
ई-सर्विलांस से मिली संदिग्ध गतिविधि की सूचना
मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र में नागौर रोड पर स्थित यूको बैंक के एटीएम में रविवार देर रात करीब 2 बजे यह घटना हुई. ई-सर्विलांस सिस्टम से जानकारी मिलने के बाद ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी अपने पति के साथ एटीएम बूथ पहुंची थीं.
दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
थाना प्रभारी पूरबाराम ने बताया कि मूंडवा निवासी भरत प्रजापत और बिहार निवासी कोमल कुमार राजपूत को गिरफ्तार किया गया है. भरत प्रजापत मूंडवा में ढाबा चलाता है, जबकि कोमल कुमार उसके यहां काम करता है. दोनों एक अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल लेकर एटीएम पहुंचे थे. पुलिस ने मोटरसाइकिल मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है. पुलिस को रात 2 बजकर 13 मिनट पर घटना की सूचना मिली थी.
ATM में रखा था 16 लाख 900 रुपए कैश
ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी ने बताया कि सोमवार से बैंकों की तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित थी. इसके चलते बैंक के एटीएम में पहले ही कैश डाला गया था. एटीएम में 16 लाख 900 रुपए रखे थे.
रात 2 बजकर 4 मिनट पर बैंक के अजमेर रीजनल सुरक्षा अधिकारी गौतम नागर को ई-सर्विलांस के जरिए एटीएम में संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिली. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी को दी.
पति के साथ एटीएम बूथ पहुंचीं ब्रांच मैनेजर
सारिका चौधरी अपने परिवार के साथ बैंक के ऊपर बने क्वार्टर में ही रहती हैं. सूचना मिलते ही वह अपने पति के साथ एटीएम बूथ पर पहुंचीं. वहां पहुंचकर उन्होंने देखा कि शटर नीचे था और अंदर कुछ हलचल हो रही थी.
बाहर से शटर लॉक कर पुलिस को बुलाया
ब्रांच मैनेजर ने बताया कि उन्होंने तुरंत बाहर से शटर लॉक कर दिया और पुलिस को सूचना दी. करीब 8 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई. आरोपियों के पास एक बैग था, जिसमें गैस कटर, पेचकस और दूसरे औजार रखे थे. आरोपियों ने एटीएम को ऊपर की तरफ से खोल रखा था.
ATM का कवर तोड़ा, कैमरों पर लगाई ग्रीस
सारिका चौधरी के मुताबिक आरोपियों ने एटीएम का ऊपरी कवर तोड़ दिया था. उन्होंने सीसीटीवी कैमरों पर ग्रीस लगा दी थी और कनेक्टिविटी वायर भी काट दिए थे. हालांकि, आरोपी एटीएम का कैश डोर नहीं काट पाए थे.