SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

RCA चुनाव में 'नेता-पुत्रों' की बगावत: BJP समर्थित पैनल के खिलाफ मंत्रियों-विधायकों के बेटों ने ठोकी ताल

Jaipur News: करीब तीन साल बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव मंगलवार को होंगे. 38 मतदाता नई कार्यकारिणी चुनेंगे. अध्यक्ष समेत 6 पदों पर 12 उम्मीदवार मैदान में हैं और सरकार समर्थित पैनल के सामने भाजपा के कुछ नेता-पुत्रों ने भी दावेदारी पेश की है.

Reported By Ashutosh Sharma Edited By Sandhya Yadav
Published: Sep 29, 2026, 08:08 AM IST | Updated: Sep 29, 2026, 10:02 AM IST
Image Credit: राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव मंगलवार को होंगे.
Join

Jaipur News: राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन यानी आरसीए में एडहॉक कमेटी का दौर खत्म होने के बाद करीब तीन साल के लंबे इंतजार पर मंगलवार को विराम लगने जा रहा है. आरसीए के बहुप्रतीक्षित चुनाव मंगलवार सुबह 11.30 बजे से होने हैं. हालांकि क्रिकेट की इस पिच पर मुकाबला सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रह गया है. चुनाव से पहले सियासी रसूख और अंदरूनी वर्चस्व की लड़ाई भी सामने आ गई है. सबसे खास बात यह है कि प्रदेश की भाजपा सरकार समर्थित पैनल के सामने खुद भाजपा के दिग्गज मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के पुत्रों ने मोर्चा खोल दिया है.

सरकार समर्थित पैनल के सामने बगावत
राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश और प्रशासक की देखरेख में आरसीए चुनाव आयोजित किए जा रहे हैं. इस चुनाव में कुल 38 मतदाता नई कार्यकारिणी का फैसला करेंगे. सरकार और संगठन स्तर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी की अगुवाई में बृजकिशोर उपाध्याय का पैनल तैयार किया गया था. रणनीति निर्विरोध या आसान जीत हासिल करने की थी, लेकिन सत्तापक्ष के ही कुछ नेता-पुत्रों के मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है.

कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर सरकारी पैनल के खिलाफ अध्यक्ष पद के लिए मजबूती से मैदान में हैं. वहीं बहरोड़ विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव ने उपाध्यक्ष और सचिव पद पर अपनी दावेदारी पेश की है. राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं.

मान-मनौव्वल के बाद भी नहीं बनी बात
चुनाव से पहले बगावत को टालने के लिए पार्टी स्तर पर मान-मनौव्वल की कोशिशें भी की गईं. इसके बाद पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ और मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर ने अपने नाम वापस ले लिए और पार्टी लाइन का समर्थन किया.

धनंजय सिंह खींवसर, मोहित यादव और आशीष तिवाड़ी के खेमे ने पीछे हटने से साफ इनकार कर दिया. बताया गया कि उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष से दो टूक कहा कि "नेता का पुत्र होना कोई अपराध नहीं है". इसके बाद चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया.

38 मतदाता तय करेंगे नई कार्यकारिणी
आरसीए चुनाव में 36 जिला संघों और 2 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के वोट निर्णायक होंगे. इन वोटों को अपने पक्ष में करने के लिए दोनों खेमों की ओर से जोर-आजमाइश जारी है. चुनाव से पहले रिसॉर्ट्स में बाड़ेबंदी और फोन घुमाने का दौर भी चरम पर पहुंच चुका है. ऐसे में मंगलवार का चुनाव आरसीए की नई कार्यकारिणी के साथ-साथ संगठन के भीतर प्रभाव और वर्चस्व का भी फैसला करेगा.

छह पदों पर 12 उम्मीदवार मैदान में
आरसीए चुनाव में छह पदों के लिए कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं. अध्यक्ष पद पर धनंजय सिंह खींवसर का मुकाबला बृज किशोर उपाध्याय से है. उपाध्यक्ष पद पर मोहित यादव और रतन सिंह शेखावत आमने-सामने हैं. सचिव पद के लिए मोहित यादव का मुकाबला पिंकेश कुमार जैन से होगा.

संयुक्त सचिव पद पर विनोद सहारण और राजेश सारस्वत के बीच मुकाबला है. कोषाध्यक्ष पद पर आशीष तिवारी और विष्णु प्रकाश अग्रवाल आमने-सामने हैं. वहीं एग्जीक्यूटिव मेंबर पद के लिए अरिष्ट सिंघवी और धर्मवीर सिंह शेखावत मैदान में हैं.

मंगलवार को वोटिंग, दोपहर बाद नतीजे
मंगलवार सुबह 11 बजे एजीएम आयोजित होगी. इसके ठीक बाद सुबह 11.30 बजे से मतदान शुरू होगा. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर बाद चुनाव परिणाम सामने आने की उम्मीद है. करीब तीन साल बाद होने वाले इन चुनावों पर क्रिकेट जगत के साथ-साथ राजस्थान की सियासत से जुड़े लोगों की भी नजर बनी हुई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

आशुतोष शर्मा वर्ष 2011 से मुख्यधारा की मीडिया में सक्रिय एक वरिष्ठ पत्रकार हैं. डेढ़ दशक से अधिक के अपने समृद्ध पत्रकारिता करियर में उन्होंने इंडिया न्यूज़,ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ नेशन जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों के साथ काम किया है. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और राजधानी जयपुर से राज्य के महत्वपूर्ण विषयों को कवर कर रहे हैं.उनकी मुख्य विशेषज्ञता राजस्थान की राजनीति,प्रशासनिक फैसलों,चुनाव और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग में है. पुलिस मुख्यालय (PHQ), जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े बड़े व चर्चित मामलों की एक्सक्लूसिव कवरेज उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. ब्रेकअप न्यूज़,गहन राजनीतिक विश्लेषण और एक्सक्लूसिव क्राइम स्टोरीज़ के ज़रिए आशुतोष शर्मा ने राजस्थान मीडिया जगत में अपनी एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान बनाई है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES