App

कहीं मार्च तो कहीं बैरिकेड पर चढ़े कार्यकर्ता: राजस्थान में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

Rajasthan News: राजस्थान के कई जिलों में कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने SIR, मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए. कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और इस्तीफे की मांग की.

कहीं मार्च तो कहीं बैरिकेड पर चढ़े कार्यकर्ता: राजस्थान में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
Image Credit: Rajasthan Congress Protest Gyanesh Kumar

Rajasthan Congress Protest: राजस्थान के कई जिलों में कांग्रेस ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग जगहों से पैदल मार्च निकालकर कलेक्ट्रेट और जिला प्रशासन के कार्यालयों तक पहुंचकर नारेबाजी की. पार्टी ने एसआईआर, मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और इस्तीफे की मांग की. राजस्थान में यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर हुआ. जयपुर में भी कांग्रेस के बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया.

बारां में कलेक्ट्रेट तक पहुंची कांग्रेस
बारां जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर कार्यकर्ता एकजुट हुए और पैदल मार्च करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे. यहां कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई.

प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष हंसराज मीणा और पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़ मौजूद रहे. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष और साफ चुनाव प्रक्रिया जरूरी है. मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए.

उदयपुर में बैरिकेड पर चढ़े कार्यकर्ता
उदयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोर्ट चौराहे से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली. कलेक्ट्रेट पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की. इस दौरान कुछ कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट गेट के बाहर लगे पुलिस बैरिकेड पर भी चढ़ गए. पूर्व सांसद और देहात जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाए और उन्हें पद से हटाने की मांग की.
Udaipur Congress Protest

हनुमानगढ़ में SIR के खिलाफ मार्च
हनुमानगढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने SIR और चुनाव व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया. इससे पहले कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय में जुटे. यहां से जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला गया.

कांग्रेस ने SIR में पारदर्शिता, मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा और चुनाव व्यवस्था से जुड़े मामलों की जांच की मांग की. जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन लोकतंत्र और वोट के अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर है.

डूंगरपुर में कांग्रेस की रैली
डूंगरपुर में प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली गई. कार्यकर्ता हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर पहुंचे और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए. विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष गणेश घोगरा भी प्रदर्शन में शामिल हुए. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की. कांग्रेस नेताओं ने SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए.

कोटपूतली में पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प
कोटपूतली जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन की शुरुआत नगर पालिका पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने से हुई. इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे.

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई. जिला अध्यक्ष इंद्राज गुर्जर को पुलिस ने हिरासत में लिया. सुरक्षा को देखते हुए जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे और जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए थे.

अजमेर में प्रदर्शन के बाद सामूहिक गिरफ्तारियां
अजमेर में शहर और देहात कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर पहुंचे और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की. इस दौरान पूर्व मंत्री रघु शर्मा, किशनगढ़ विधायक और देहात कांग्रेस अध्यक्ष विकास चौधरी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल और पूर्व मंत्री नसीम अख्तर सहित कई नेता मौजूद रहे. प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक गिरफ्तारी दी. पुलिस उन्हें बस में बैठाकर ले गई, जहां कुछ देर बाद उन्हें छोड़ दिया गया.
Ajmer Congress Protest

प्रतापगढ़ में SIR को लेकर सवाल
प्रतापगढ़ में कांग्रेस ने गांधी चौराहे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे उठाए. पार्टी ने SIR को लेकर भी सवाल खड़े किए और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की.

जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा कि जिला, ब्लॉक, मंडल और नगर स्तर के कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए. पूर्व विधायक रामलाल मीणा ने भी SIR और मतदाता सूची से जुड़े सवाल उठाए.

बीकानेर में कोटगेट से कलेक्ट्रेट तक मार्च
बीकानेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोटगेट से जिला कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला. शहर और देहात कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

प्रदर्शन में राजस्थान कांग्रेस के सह प्रभारी और AICC सचिव चिरंजीव राव, मेयर अनिल कल्ला, जिला अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग सहित कई नेता मौजूद रहे. कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर अपनी आपत्तियां रखीं और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई.

राजसमंद में कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन
राजसमंद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया. जिला अध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट के बाहर पहुंचे. प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट के सभी गेट बंद कर दिए गए और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. प्रदर्शन के दौरान कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की. पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया.

बूंदी में ‘ज्ञानेश कुमार हटाओ’ अभियान
बूंदी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने अहिंसा सर्किल से जिला कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला. कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले पुलिस ने उन्हें रोक दिया.

प्रदर्शन में जिला प्रभारी वीरेंद्र सिंह सिद्धू, सहप्रभारी विजेंद्र सिंह झाला, विधायक हरिमोहन शर्मा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष महावीर मीणा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के साथ ही निर्वाचन से जुड़े फैसलों की समीक्षा की मांग भी उठाई.

सीकर में ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च
सीकर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ’ पैदल मार्च निकाला. जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला के नेतृत्व में कार्यकर्ता आंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक पहुंचे. मार्च के दौरान चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई. कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की. प्रदर्शन में फतेहपुर विधायक हाकम अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.

दौसा और अलवर में भी प्रदर्शन
दौसा में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया. जिला अध्यक्ष रामजीलाल ओढ़, विधायक डीडी बैरवा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए. नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की.

अलवर में कांग्रेस कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में मालवीय नगर चौराहे पर जुटे. यहां से पैदल मार्च करते हुए मिनी सचिवालय पहुंचे. पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के लिए मिनी सचिवालय के आसपास बैरिकेडिंग की थी. कांग्रेस ने मतदाता सूची से जुड़े आरोपों की जांच और कार्रवाई की मांग उठाई.
Alwar Congress Protest

झुंझुनूं में ‘लोकतंत्र बचाओ’ पैदल मार्च
झुंझुनूं में जिलाध्यक्ष और मंडावा विधायक रीटा चौधरी के नेतृत्व में गांधी चौक से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला गया. इसमें उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी, पिलानी विधायक पितराम काला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर सवाल उठाए. रीटा चौधरी ने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर मतदाताओं के नाम हटाने और जोड़ने से जुड़े मामले सामने आए हैं. कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग भी दोहराई.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

SAGAR CHAUDHARY

SAGAR CHAUDHARY

सागर चौधरी, अप्रैल 2024 से वे ज़ी न्यूज़ संस्थान का हिस्सा हैं और अपनी मेहनत व काम करने की क्षमता से लगातार टीम में योगदान दे रहे हैं.सागर चौधरी का संबंध हरियाणा के फरीदाबाद से है, जहां उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री हासिल की और मीडिया क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत की.
Read More