SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पंचायत चुनाव के बीच 'दिल्ली परीक्षा' : 1 लाख की भीड़... क्या पास हो पाएगी कांग्रेस ?

राजस्थान में पंचायत चुनाव की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस के सामने अब दिल्ली महारैली के लिए कार्यकर्ताओं को जुटाने की चुनौती है. 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली के लिए राजस्थान कांग्रेस ने एक लाख कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने का दावा किया है. लेकिन पंचायत चुनाव के प्रचार और संगठनात्मक गतिविधियों के बीच इस लक्ष्य को हासिल करना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है.

Reported By Ashutosh Sharma
Published: Oct 26, 2026, 11:26 AM IST | Updated: Oct 26, 2026, 12:24 PM IST
Image Credit: राजस्थान कांग्रेस के सामने एक लाख की भीड़ जुटाने की चुनौती
Join

महारैली की तैयारियों को लेकर जयपुर में हुई बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के सामने प्रदेश के नेताओं और विभिन्न संगठनों ने दिल्ली पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या के लक्ष्य बता. अब इन दावों को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी जिला और ब्लॉक स्तर के संगठन पर होगी.

किसी ने 11 हजार तो किसी ने 10 हजार का दिया लक्ष्य
दिल्ली महारैली के लिए राजस्थान के अलग-अलग जिलों और संगठनों ने अपने स्तर पर भीड़ जुटाने के आंकड़े सामने रखे हैं. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अलवर से 11 हजार लोगों को दिल्ली ले जाने का वादा किया है. वहीं जयपुर से प्रताप सिंह ने 10 हजार कार्यकर्ताओं का लक्ष्य बताया.

अजमेर से धर्मेंद्र राठौड़ ने दो हजार लोगों को दिल्ली ले जाने का दावा किया है. इसके अलावा युवा कांग्रेस ने पांच हजार और NSUI ने 2,500 कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा है. महिला कांग्रेस की ओर से 500 से 600 कार्यकर्ताओं को लाने का दावा किया गया है, जबकि कांग्रेस सेवादल ने भी 500 कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचाने की बात कही है.

एक लाख के लक्ष्य तक कैसे पहुंचेगी कांग्रेस ?
प्रदेश के नेताओं और विभिन्न संगठनों की ओर से बताए गए आंकड़ों के बीच सबसे बड़ा सवाल ये है कि राजस्थान कांग्रेस एक लाख लोगों का लक्ष्य कैसे हासिल करेगी. जिन नेताओं और संगठनों ने अपने-अपने लक्ष्य बताए हैं, उनके आंकड़े कुल लक्ष्य के मुकाबले कितने हैं और बाकी कार्यकर्ताओं को जुटाने की जिम्मेदारी किन नेताओं को दी जाएगी, ये भी अहम रहेगा. पंचायत चुनाव के चलते कई जिलों में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता स्थानीय चुनावी गतिविधियों में व्यस्त हैं. ऐसे में उन्हें दिल्ली महारैली के लिए एकजुट करना, परिवहन की व्यवस्था करना और अलग-अलग क्षेत्रों से समय पर दिल्ली पहुंचाना संगठन के लिए महत्वपूर्ण होगा.

दिल्ली बॉर्डर पर होगी कार्यकर्ताओं की गिनती
महारैली में राजस्थान से पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या को लेकर कांग्रेस संगठन इस बार आंकड़ों का मिलान भी करेगा. बैठक में सामने आए निर्देशों के मुताबिक, दिल्ली बॉर्डर पर कार्यकर्ताओं की गिनती की जाएगी. इसके जरिए ये आंकलन किया जाएगा कि किस जिले, नेता और संगठन ने कितने लोगों को दिल्ली पहुंचाया.बताया गया है कि भीड़ जुटाने से जुड़े आंकड़ों की पूरी रिपोर्ट राहुल गांधी तक पहुंचाई जाएगी. ऐसे में प्रदेश के नेताओं और संगठनात्मक इकाइयों की ओर से दिए गए लक्ष्य और वास्तविक उपस्थिति के बीच का अंतर भी महत्वपूर्ण रहेगा.

दावों की असली परीक्षा 1 नवंबर को
राजस्थान कांग्रेस के सामने फिलहाल दोहरी जिम्मेदारी है. एक ओर पंचायत चुनाव के बीच संगठनात्मक सक्रियता बनाए रखनी है, तो दूसरी ओर दिल्ली में होने वाली महारैली के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जुटाना है. अब नजर इस बात पर रहेगी कि जिला और ब्लॉक स्तर पर बनाई गई, रणनीति कितनी प्रभावी रहती है, नेताओं के दावे कितने कार्यकर्ताओं की वास्तविक मौजूदगी में बदलते हैं और राजस्थान कांग्रेस एक लाख लोगों को दिल्ली ले जाने के अपने लक्ष्य के कितने करीब पहुंचती है. इन सवालों के जवाब 1 नवंबर को महारैली के दौरान सामने आएंगे.

ये भी पढ़ें : राजस्थान पंचायत चुनाव: BJP में फिर मचेगा सियासी मंथन, 27 अक्टूबर की बैठक पर टिकी नजरें 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

आशुतोष शर्मा वर्ष 2011 से मुख्यधारा की मीडिया में सक्रिय एक वरिष्ठ पत्रकार हैं. डेढ़ दशक से अधिक के अपने समृद्ध पत्रकारिता करियर में उन्होंने इंडिया न्यूज़,ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ नेशन जैसे देश के प्रमुख समाचार संस्थानों के साथ काम किया है. वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान न्यूज़ में सीनियर स्पेशल कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और राजधानी जयपुर से राज्य के महत्वपूर्ण विषयों को कवर कर रहे हैं.उनकी मुख्य विशेषज्ञता राजस्थान की राजनीति,प्रशासनिक फैसलों,चुनाव और जनहित के मुद्दों के साथ-साथ अपराध और कानून-व्यवस्था की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग में है. पुलिस मुख्यालय (PHQ), जयपुर पुलिस कमिश्नरेट और विभिन्न जांच एजेंसियों से जुड़े बड़े व चर्चित मामलों की एक्सक्लूसिव कवरेज उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है. ब्रेकअप न्यूज़,गहन राजनीतिक विश्लेषण और एक्सक्लूसिव क्राइम स्टोरीज़ के ज़रिए आशुतोष शर्मा ने राजस्थान मीडिया जगत में अपनी एक विश्वसनीय और प्रभावशाली पहचान बनाई है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES