अब साल में 2 बार होगी राजस्थान बोर्ड 10वीं की परीक्षा: फरवरी-मार्च में मुख्य और मई में दूसरी परीक्षा, जानें पूरा नियम
Rajasthan News: राजस्थान बोर्ड ने सत्र 2026-27 से 10वीं की परीक्षा साल में दो बार कराने का फैसला किया है. पहली मुख्य परीक्षा फरवरी-मार्च में और दूसरी परीक्षा मई में होगी. पास विद्यार्थी अधिकतम 3 विषयों में नंबर सुधार सकेंगे, जबकि 2 विषयों में फेल होने वाले स्टूडेंट्स को भी दूसरी परीक्षा देने का मौका मिलेगा.
Rajasthan News: राजस्थान बोर्ड की 10वीं की परीक्षा अब साल में दो बार होगी. सत्र 2026-27 से पहली मुख्य परीक्षा फरवरी-मार्च में और दूसरी परीक्षा मई में आयोजित होगी. राजस्थान बोर्ड सचिव ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं. नई व्यवस्था के तहत मुख्य परीक्षा में पास होने वाले स्टूडेंट्स को अपने नंबर सुधारने का मौका भी मिलेगा. ऐसे स्टूडेंट्स ज्यादा से ज्यादा 3 विषयों में दूसरी परीक्षा दे सकेंगे.
3 विषयों में नंबर सुधारने का मौका
राजस्थान बोर्ड की 10वीं के स्टूडेंट्स हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, व्यावसायिक शिक्षा और तीसरी भाषा/संस्कृत में से अधिकतम 3 विषय चुनकर नंबर सुधार सकते हैं. हालांकि इसके लिए मुख्य परीक्षा (पहली परीक्षा) में शामिल होना जरूरी होगा. दूसरी परीक्षा में विषय बदलने की अनुमति नहीं होगी. मुख्य परीक्षा और दूसरी परीक्षा में किसी विषय में मिले अंकों में से जिस परीक्षा में ज्यादा अंक होंगे, उन्हें अंतिम परिणाम में शामिल किया जाएगा.
2 विषयों में फेल होने पर भी मिलेगा दूसरा मौका
अगर कोई विद्यार्थी मुख्य परीक्षा में अंग्रेजी और किसी एक अन्य विषय में 33 फीसदी से कम नंबर लाता है, तो उसे सीधे फेल नहीं माना जाएगा. ऐसे स्टूडेंट को दूसरी परीक्षा में दोनों विषयों की परीक्षा देकर नंबर सुधारने का मौका मिलेगा. वहीं अगर कोई स्टूडेंट 3 या उससे ज्यादा विषयों में फेल या परीक्षा से गैरहाजिर रहता है, तो उसे मई में होने वाली दूसरी परीक्षा में बैठने का मौका नहीं मिलेगा. ऐसे विद्यार्थी को अगले साल सभी विषयों की परीक्षा दोबारा देनी होगी.
अब नहीं होगी सप्लीमेंट्री परीक्षा
राजस्थान बोर्ड ने सत्र 2026-27 से सप्लीमेंट्री एग्जाम यानी पूरक परीक्षा की व्यवस्था खत्म कर दी है. अब इसकी जगह मई में दूसरी परीक्षा होगी. यानी जिन स्टूडेंट्स को पहले सप्लीमेंट्री एग्जाम देना पड़ता था, उन्हें अब नई व्यवस्था के तहत दूसरी परीक्षा में मौका मिलेगा.
विद्यार्थियों को 11वीं में मिल सकेगा अस्थाई एडमिशन
मुख्य परीक्षा में अधिकतम 2 विषयों में 33 फीसदी से कम नंबर आने पर भी स्टूडेंट्स को 11वीं में अस्थाई एडमिशन मिल सकेगा. मुख्य परीक्षा की परफॉर्मेंस Raj-e-Vault पर उपलब्ध होगी. इसके आधार पर विद्यार्थियों को 11वीं में प्रोविजनल यानी अस्थाई एडमिशन दिया जा सकेगा. दूसरी परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद एडमिशन स्थायी हो जाएगा.
री-टोटलिंग और कॉपी चेक कराने का भी मिलेगा मौका
स्टूडेंट्स मुख्य परीक्षा और दूसरी परीक्षा- दोनों के बाद अपने नंबरों की री-टोटलिंग और कॉपी चेक करवा सकेंगे. हालांकि दूसरी परीक्षा में सिर्फ उसी विषय की री-टोटलिंग और चेकिंग होगी, जिसे स्टूडेंट्स ने नंबर सुधारने के लिए चुना होगा.