SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Pushkar Mela 2026: पुष्कर मेले में 21 करोड़ के घोड़े का दावा! बेचने नहीं, सिर्फ दिखाने लाए मालिक, ऊंट व्यापारियों के चेहरे मायूस

राजस्थान के पुष्कर मेले में 21 करोड़ रुपये तक के घोड़ों की कीमत के दावे चर्चा में हैं. बादल और कोहिनूर जैसे घोड़े आकर्षण का केंद्र बने हैं. वहीं ऊंटों का कारोबार घटने से व्यापारी मायूस हैं. मेले में राजस्थानी संस्कृति और परंपराओं के रंग भी खूब नजर आ रहे हैं.

Reported By Vishnu Sharma Written By Ansh Raj
Published: Nov 18, 2026, 19:06 IST | Updated: Nov 18, 2026, 19:08 IST
Image Credit: Pushkar Mela 2026
Join

Pushkar Mela 2026: राजस्थान के अजमेर जिले के पुष्कर में लगने वाला अंतरराष्ट्रीय मेला एक बार फिर चर्चा में है. भगवान ब्रह्मा की नगरी पुष्कर में पशुओं की खरीद-बिक्री के साथ राजस्थान की कला, संस्कृति और परंपराओं के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं. मेले में सबसे ज्यादा चर्चा उन घोड़ों की हो रही है, जिनकी कीमत सोशल मीडिया पर 21 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. वहीं, दूसरी तरफ ऊंटों के घटते कारोबार ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है. देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक यहां महंगे घोड़ों को देखने के साथ राजस्थानी संस्कृति का भी आनंद ले रहे हैं.


पुष्कर मेले में 21 करोड़ के घोड़े की चर्चा
पुष्कर मेले में बादल और कोहिनूर जैसे नामों से मशहूर घोड़े लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल रेट कार्ड और लोगों के बीच हो रही चर्चाओं में कुछ घोड़ों की कीमत 21 करोड़ रुपये तक बताई जा रही है. इन घोड़ों की खूबसूरती और कद-काठी देखने के लिए राजस्थान के अलावा दूसरे राज्यों से भी लोग पहुंच रहे हैं. हालांकि, जब घोड़ों के मालिकों से इनकी कीमत को लेकर बातचीत की गई, तो उन्होंने साफ कहा कि करोड़ों रुपये की कीमत उन्होंने तय नहीं की है. सोशल मीडिया और लोगों के बीच ही ऐसी कीमतों की चर्चा हो रही है.


बेचने नहीं, खूबसूरती दिखाने लाए हैं घोड़े
घोड़ों के मालिकों का कहना है कि वे अपने खास घोड़ों को बेचने के लिए नहीं लाए हैं. उनका मकसद घोड़ों की नस्ल और खूबसूरती का प्रदर्शन करना है. हालांकि, उनके पास बिक्री के लिए दूसरे घोड़े भी मौजूद हैं. व्यापारियों के मुताबिक, मेले में बिक्री के लिए उपलब्ध घोड़ों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये से शुरू होती है. इसके बाद नस्ल, उम्र, कद-काठी और दूसरी खूबियों के आधार पर कीमत तय होती है.


करोड़ों की कीमत पर व्यापारियों ने उठाए सवाल
मेले में कुछ व्यापारी घोड़ों की करोड़ों रुपये की कीमत के दावों पर सवाल भी उठा रहे हैं. उनका कहना है कि जब किसी घोड़े को बेचना ही नहीं है, तो उसकी कीमत कितनी भी बताई जा सकती है. व्यापारियों के मुताबिक, करोड़ों में घोड़े बिकने की बातें जरूर सुनने को मिलती हैं, लेकिन इतनी बड़ी रकम में वास्तविक बिक्री सामने नहीं आती. वहीं, कुछ व्यापारियों ने मेले में 10 से 11 लाख रुपये तक में घोड़ों की बिक्री होने का दावा किया है.


काजू-बादाम खाते हैं घोड़े, मिनरल वाटर पीने का दावा
पुष्कर मेले में घोड़ों की कीमत के साथ उनकी खुराक भी चर्चा में है. कुछ व्यापारी दावा कर रहे हैं कि उनके घोड़ों को काजू-बादाम खिलाए जाते हैं और पीने के लिए मिनरल वाटर दिया जाता है. हालांकि, इस पर सभी व्यापारियों की राय एक जैसी नहीं है. कुछ का कहना है कि मेले में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए घोड़ों को खास खुराक देते हुए दिखाया जाता है, जबकि फार्म पर उनका रोज का खानपान अलग होता है.


पुष्कर मेले में क्यों घट रहा ऊंटों का कारोबार?
एक तरफ महंगे घोड़े चर्चा बटोर रहे हैं, तो दूसरी तरफ ऊंटों के व्यापार में पहले जैसी रौनक नहीं दिख रही है. पुष्कर मेला लंबे समय से ऊंटों की खरीद-बिक्री के लिए भी जाना जाता है, लेकिन अब व्यापारियों को खरीदारों का इंतजार करना पड़ रहा है. ऊंट व्यापारियों का कहना है कि घोड़े लोग शौक के लिए खरीद लेते हैं, जबकि ऊंटों को मुख्य रूप से काम के लिए खरीदा जाता है. खेती और परिवहन में मशीनों और मोटर वाहनों का इस्तेमाल बढ़ने से ऊंटों की जरूरत कम हुई है. इसके अलावा ऊंटों के खाने-पीने और रखरखाव का खर्च भी ज्यादा है. ऐसे में खरीदारों की संख्या घट रही है.


बैल और भैंसों की कीमत भी लाखों में
पुष्कर मेले में घोड़ों और ऊंटों के अलावा बैल और भैंसों का भी कारोबार हो रहा है. अच्छी नस्ल के कुछ पशुओं की कीमत 15 से 25 लाख रुपये तक बताई जा रही है. कुछ पशु मालिक अपने पशुओं को सिर्फ प्रदर्शन के लिए लेकर आए हैं, जबकि कुछ अच्छी कीमत मिलने पर बेचने को तैयार हैं. कई व्यापारियों का कहना है कि उनके पशुओं के लिए 10 से 12 लाख रुपये तक के ऑफर भी मिल चुके हैं.


राजस्थानी संस्कृति के रंगों में रंगा पुष्कर मेला
पशुओं के व्यापार से अलग पुष्कर मेले में राजस्थान की संस्कृति की खूबसूरत झलक भी दिखाई दे रही है. रंग-बिरंगी पगड़ियां, बड़ी-बड़ी मूंछें, पारंपरिक वेशभूषा और राजस्थानी संगीत मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं. मेले में बड़े-बड़े झूले और सजी हुई दुकानें भी पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं. राजस्थान के साथ गुजरात, हरियाणा और दूसरे राज्यों से भी लोग यहां पहुंचे हैं.


विदेशी पर्यटकों को भी खूब भा रहा पुष्कर मेला
पुष्कर मेले में देश के साथ विदेशों से भी पर्यटक पहुंच रहे हैं. सड़कों पर नाचती घोड़ियां, ऊंटों की सवारी, घुड़सवारी और पारंपरिक संगीत पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बने हुए हैं. कुल मिलाकर पुष्कर मेले में एक तरफ करोड़ों की कीमत के दावों वाले घोड़े हैं, तो दूसरी तरफ ऊंटों के घटते कारोबार से परेशान व्यापारी. इन सबके बीच राजस्थान की कला और संस्कृति इस मेले की पहचान को बनाए हुए है. यही वजह है कि पुष्कर मेला सिर्फ पशुओं के व्यापार तक सीमित नहीं, बल्कि राजस्थान की बदलती तस्वीर और सदियों पुरानी परंपराओं की झलक भी दिखाता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

विष्णु शर्मा जी मीडिया राजस्थान में कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ITV Network के चैनलों—India News, India News Rajasthan और NewsX—के साथ की, जहां पॉलिटिक्स बीट पर काम किया। इस दौरान उन्होंने राजस्थान की राजनीति को करीब से कवर किया और ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव हासिल किया। विष्णु शर्मा विधानसभा और लोकसभा चुनाव कवर कर चुके हैं। चुनावों के दौरान उन्होंने राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में जाकर जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।फिलहाल विष्णु शर्मा Zee News के साथ काम कर रहे हैं और राजस्थान की राजनीति से जुड़ी खबरों को कवर कर रहे हैं।
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES