'जयपुर गुंडों के हवाले, 40 से ज्यादा गैंग एक्टिव' प्रताप सिंह खाचरियावास ने भजनलाल सरकार को जमकर घेरा
प्रताप सिंह खाचरियावास ने राजस्थान की कानून व्यवस्था और जयपुर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला. उन्होंने जयपुर में 40 से ज्यादा गैंग सक्रिय होने का आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी.
राजस्थान में कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और जयपुर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में आम आदमी, व्यापारी और परिवार सुरक्षित नहीं हैं. जयपुर में 40 से ज्यादा गैंग सक्रिय हैं और हत्या, चोरी, डकैती, गैंगवार तथा वसूली जैसी घटनाएं खुलेआम हो रही हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जवाब मांगा.
राजस्थान में अपराध बढ़ने का आरोप, पुलिस पर भी उठाए सवाल
खाचरियावास ने कहा कि जेलों में बैठे अपराधी भी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है. आम आदमी थानों में जाने से डरता है और पत्रकारों के साथ भी पुलिस का व्यवहार ठीक नहीं है.
उन्होंने NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए राजस्थान में अपराध और दुष्कर्म की घटनाओं पर चिंता जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश अपराध के मामले में देश में शीर्ष पर पहुंच गया है और जयपुर गुंडों के हवाले हो चुका है. कांग्रेस नेता ने पुलिस पर अपराधियों के साथ बैठकर प्रॉपर्टी का काम करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहती है तो कांग्रेस राज्यपाल से मुलाकात करेगी और सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी.
यह भी पढे़ं- पंचायत चुनाव का चौथा और अंतिम चरण, 14 नवंबर को 4.07 लाख मतदाता करेंगे 241 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
जयपुर की सफाई व्यवस्था और सड़कों की हालत पर निशाना
कांग्रेस नेता ने जयपुर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह चौपट बताते हुए कहा कि दिवाली के सात दिन बाद भी शहर में कचरा नहीं उठाया गया. सड़कों की हालत खराब है और स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं. उन्होंने झोटवाड़ा में एक गरीब बुजुर्ग महिला का मकान सीज किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार आम लोगों के साथ खुलेआम गुंडागर्दी कर रही है.
रात 11:30 बजे के बाद भी चल रहे क्लब, प्रशासन पर सवाल
खाचरियावास ने जयपुर के क्लबों के देर रात तक संचालित होने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से निर्धारित रात 11:30 बजे की समय सीमा का पालन नहीं हो रहा है. इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है.
UGC रोलबैक आंदोलन में गिरफ्तारियों पर उठाए सवाल
UGC रोलबैक आंदोलन के दौरान महिपाल सिंह मकराना सहित अन्य लोगों की गिरफ्तारी पर भी खाचरियावास ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि UGC रोलबैक के मुद्दे पर SC-ST, OBC और सामान्य वर्ग एकजुट हैं, लेकिन सरकार आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है. उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर सभी वर्गों के लोग एक साथ खड़े हैं और सरकार को उनकी आवाज सुननी चाहिए.
यह भी पढे़ं- पंचायत चुनाव से पहले मदन राठौड़ का बड़ा दावा, बोले- निकाय चुनाव से भी बड़ी होगी BJP की जीत
कांग्रेस की बाड़ेबंदी को लेकर भाजपा पर पलटवार
कांग्रेस नेताओं की बाड़ेबंदी को लेकर खाचरियावास ने आरोप लगाया कि भाजपा जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को पुष्कर ले गई है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस के कैंप में पुलिस ने जबरन घुसने या नेताओं को उठाने की कोशिश की तो कांग्रेस इसका मुंहतोड़ जवाब देगी.
सोनिया गांधी की किताब और भाजपा नेताओं पर भी साधा निशाना
सोनिया गांधी की किताब को लेकर खाचरियावास ने कहा कि सरकार किताब से डर जाती है. वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मंत्री जवाहर सिंह बेढम पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दोनों मूल मुद्दों पर जवाब देने के बजाय उल्टी बातें करते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा कार्यालय में हवन और पूजा-पाठ की जरूरत है. साथ ही भाजपा नेताओं के मानसिक संतुलन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी को मेडिकल कैंप लगाकर अपने नेताओं का मानसिक संतुलन चेक करवाना चाहिए.
सरकार को कानून व्यवस्था और जनता की सुरक्षा पर घेरा
खाचरियावास ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था, सफाई व्यवस्था और आम जनता की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए लेकिन भाजपा सरकार इन बुनियादी मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है. उन्होंने सरकार से अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने और आम जनता की समस्याओं का समाधान करने की मांग की.